यूपी न्यूज

Kanpur News:ई-रिक्शा पलटने के बाद तड़पते रहा चालक, अस्पताल की जगह घर छोड़ गई मालकिन, पांच दिन बाद मौत

Kanpur News:कानपुर में ई-रिक्शा पलटने से घायल चालक रवि की पांच दिन बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। पत्नी ने मालकिन पर समय पर अस्पताल न पहुंचाने का आरोप लगाया। डीसीपी पश्चिम के निर्देश पर 25 दिन बाद मुकदमा दर्ज हुआ।
2 min read
Sep 21, 2026
Kanpur News
सांकेतिक फोटो पत्रिका

Kanpur E-Rickshaw Accident:कानपुर में सड़क हादसे में घायल ई-रिक्शा चालक की इलाज के दौरान मौत के मामले में 25 दिन बाद पुलिस ने ई-रिक्शा मालकिन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मृतक की पत्नी ने मालकिन पर गंभीर रूप से घायल पति को समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाने का आरोप लगाया है। पत्नी की शिकायत पर डीसीपी पश्चिम के निर्देश से रावतपुर पुलिस ने कार्रवाई की और मामले की जांच शुरू कर दी है।

ई-रिक्शा पलटने से गंभीर रूप से घायल हुए थे रवि

रावतपुर गांव निवासी लक्ष्मी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पति रवि, तीन बेटियों वैष्णवी (8), वैशाली (3) और आठ माह की सृष्टि, सास और ननद के साथ रहती हैं। रवि ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे।लक्ष्मी के अनुसार, 20 अगस्त को रवि रोज की तरह ई-रिक्शा लेकर घर से निकले थे। इसी दौरान ई-रिक्शा अचानक पलट गया। हादसे में रवि के सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। आसपास के लोगों ने हादसे की जानकारी ई-रिक्शा मालकिन रोशन नगर निवासी तमन्ना को दी।

अस्पताल ले जाने के बजाय घर छोड़ने का आरोप

लक्ष्मी का आरोप है कि सूचना मिलने पर तमन्ना मौके पर पहुंचीं, लेकिन गंभीर रूप से घायल रवि को अस्पताल ले जाने के बजाय उनकी सास के पास घर में छोड़कर चली गईं। घर पर रवि की हालत बिगड़ने पर उनके भाई श्याम को जानकारी दी गई। इसके बाद श्याम उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे।अस्पताल में जांच के दौरान रवि के सिर में गंभीर चोट और फ्रैक्चर की पुष्टि हुई। इसके बाद उनका इलाज शुरू किया गया। करीब पांच दिन तक निजी अस्पताल में उपचार चलने के बाद 25 अगस्त की देर शाम रवि की मौत हो गई।

पत्नी ने कहा-समय पर इलाज मिलता तो बच सकती थी जान

पति की मौत के करीब 25 दिन बाद लक्ष्मी ने डीसीपी पश्चिम से शिकायत की। उन्होंने आरोप लगाया कि हादसे के बाद यदि रवि को समय से अस्पताल पहुंचाकर उपचार कराया जाता तो उनकी जान बच सकती थी। लक्ष्मी ने ई-रिक्शा मालकिन पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।डीसीपी पश्चिम के निर्देश के बाद रावतपुर पुलिस ने ई-रिक्शा मालकिन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब हादसे की परिस्थितियों और लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।

पुलिस बोली-जांच के आधार पर होगी कार्रवाई

डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि मृतक ई-रिक्शा चालक की पत्नी ने मालकिन पर लापरवाही का आरोप लगाकर शिकायत की थी। निर्देश पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
21 Sept 2026 02:19 pm
Published on:
21 Sept 2026 02:19 pm