यूपी न्यूज

Kanpur News:प्रसाद लेने गए डॉक्टर, पीछे से मोबाइल-नकदी पर हाथ साफ,सीसीटीवी ने खोला राज

Kanpur Crime News:कानपुर के कल्याणपुर में मेडिकल स्टोर से मोबाइल और नकदी चोरी करने वाली बच्ची सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पकड़ी गई। पीड़ित के पोते ने उसे पहचानकर पुलिस को सौंपा। चोरी का मोबाइल खरीदने वाली महिला भी हिरासत में ली गई।
2 min read
Sep 22, 2026
Kanpur, Kalayanpur, husband-wife dispute
सांकेतिक फोटो

Kanpur Mobile Theft:कानपुर के कल्याणपुर क्षेत्र में होम्योपैथिक मेडिकल स्टोर से मोबाइल और नकदी चोरी करने वाली बच्ची को पीड़ित के पोते ने पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। घटना के बाद मेडिकल स्टोर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई थी। फुटेज में दिखाई दी बच्ची को पनकी रोड स्थित गायत्री मंदिर के पास मिल गई। पहचान की पुष्टि होने के बाद उसे पुलिस के हवाले किया गया। पुलिस ने चोरी का मोबाइल खरीदने वाली एक महिला को भी हिरासत में लिया है। बरामद मोबाइल पीड़ित को सौंप दिया गया है।

गणेश पंडाल में प्रसाद लेने गए थे डॉक्टर

आवास विकास-3 निवासी बुजुर्ग होम्योपैथिक चिकित्सक आरएस कटियार अपने घर के पास ही होम्योपैथिक मेडिकल स्टोर चलाते हैं। रविवार रात दुकान के सामने गणेश पंडाल लगा था। आरएस कटियार प्रसाद लेने के लिए दुकान से बाहर गए थे। इसी दौरान बच्ची दुकान के अंदर पहुंची और मोबाइल व नकदी चोरी कर ली। बताया गया कि चोरी की वारदात दो बार में की गई।

सीसीटीवी में कैद हुई बच्ची की हरकत

दुकान से मोबाइल और नकदी गायब होने के बाद परिवार ने सीसीटीवी फुटेज देखी। इसमें बच्ची दुकान के अंदर आती-जाती और सामान ले जाती दिखाई दी। सोमवार को आरएस कटियार के पोते तनिष्क कटियार ने मामले की शिकायत कल्याणपुर थाने में की। शिकायत करने के बाद वह घर लौट रहे थे।

गायत्री मंदिर के पास दिखी तो पहचान लिया

थाने से लौटते समय तनिष्क कटियार को पनकी रोड पर गायत्री मंदिर के पास वही बच्ची दिखाई दी। सीसीटीवी फुटेज में देखे गए हुलिये से मिलान करने के बाद उन्होंने बच्ची को पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना देकर उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने पूछताछ के आधार पर चोरी का मोबाइल खरीदने वाली एक महिला को भी हिरासत में लिया।

मोबाइल बरामद कर पीड़ित को सौंपा

कल्याणपुर पुलिस ने चोरी किया गया मोबाइल बरामद कर लिया है। बरामद मोबाइल पीड़ित आरएस कटियार को सौंप दिया गया। पुलिस अब बच्ची से चोरी की वारदात और मोबाइल की बिक्री से जुड़े पहलुओं के बारे में जानकारी जुटा रही है। कल्याणपुर इंस्पेक्टर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
22 Sept 2026 12:40 pm
Published on:
22 Sept 2026 12:40 pm
Also Read
View All