
Kanpur Crime: कानपुर में न्यायालय में पेश होने की बात कहना एक बहन को भारी पड़ गया। भाई के खिलाफ जारी वारंट के बाद उसे समय से अदालत में हाजिर होने की सलाह देने पर विवाद इतना बढ़ गया कि भाई और भाभी ने बहन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बेटी को बचाने पहुंची बुजुर्ग मां को भी आरोपियों ने नहीं बख्शा। मारपीट में मां-बेटी दोनों घायल हो गईं। पीड़िता की तहरीर पर पनकी पुलिस ने आरोपी भाई और उसकी पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कन्नौज के ठठिया थाना क्षेत्र के पलिउरा गांव निवासी मुन्नी देवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह इन दिनों पनकी के हनुमंत नगर स्थित संतोषी माता मंदिर के पास अपने मायके में रह रही हैं। वर्ष 2016 में उन्होंने अपने भाई पप्पू उर्फ शनि दीक्षित की एक मामले में न्यायालय से जमानत ली थी।मुन्नी के मुताबिक संबंधित मुकदमे में उनका भाई लगातार न्यायालय में पेश नहीं हो रहा था। इसके बाद न्यायालय की ओर से उसे हाजिर कराने के लिए वारंट मुन्नी देवी के पास पहुंचा। उन्होंने भाई से कहा कि वह समय से न्यायालय में पेश हो जाए, ताकि आगे कोई परेशानी न हो।
आरोप है कि पप्पू उर्फ शनि ने न्यायालय में पेश होने से इनकार कर दिया। उसने कथित तौर पर मुन्नी से कहा कि वह अदालत में हाजिर नहीं होगा और जो करना है कर लें। इस पर मुन्नी ने अपनी जमानत वापस लेने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया।मुन्नी का आरोप है कि पप्पू उर्फ शनि और उसकी पत्नी गुड़िया देवी ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर दोनों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। अचानक हुई मारपीट से मौके पर अफरातफरी मच गई।
मुन्नी ने बताया कि मारपीट के दौरान शोर सुनकर उनकी मां चंद्रावती बेटी को बचाने के लिए पहुंचीं। आरोप है कि आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट कर दी। हमले में मां-बेटी दोनों को गंभीर चोटें आईं। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
एसीपी पनकी अमित चौरसिया ने बताया कि मुन्नी देवी की तहरीर के आधार पर पप्पू उर्फ शनि दीक्षित और उसकी पत्नी गुड़िया देवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस तहरीर में लगाए गए आरोपों और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।