यूपी न्यूज

Kanpur News: सुबह दुकान खोली तो काउंटर खाली मिला, 4.50 लाख लेकर सेल्समैन रात में ही फरार, मुकदमा दर्ज

Kanpur Crime News: पनकी के पतरसा स्थित कंपोजिट शराब की दुकान से 4.50 लाख रुपये गायब हो गए। संचालक ने सेल्समैन आशीष गुप्ता पर नकदी लेकर फरार होने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर सेल्समैन की तलाश शुरू कर दी है।
2 min read
Sep 12, 2026
Kanpur News
सांकेतिक फोटो

Kanpur Liquor Shop Cash Missing: कानपुर के पनकी थाना क्षेत्र के पतरसा स्थित कंपोजिट शराब की दुकान से करीब 4.50 लाख रुपये की नकदी गायब होने का मामला सामने आया है। दुकान संचालक ने अपने सेल्समैन पर बिना बताए बिक्री की रकम लेकर फरार होने का आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर पनकी पुलिस ने सेल्समैन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पिता की तबीयत खराब होने से दुकान की जिम्मेदारी सेल्समैन पर थी

कानपुर के पनकी थाना क्षेत्र के नौबस्ता के सरस्वती नगर निवासी सिद्धांत सिंह के मुताबिक, पतरसा में उनके पिता रामनारायण सिंह के नाम कंपोजिट शराब की दुकान है। वह दुकान के संचालन और देखरेख की जिम्मेदारी संभालते हैं। पिता की तबीयत खराब होने के कारण वह कुछ समय से दुकान नहीं जा पा रहे थे। ऐसे में दुकान पर काम करने वाले सेल्समैन आशीष गुप्ता से रोजाना शाम फोन पर बिक्री और नकदी के हिसाब की जानकारी लेते थे। सिद्धांत ने पुलिस को बताया कि 18 अगस्त की रात भी उनकी आशीष से फोन पर बातचीत हुई थी। सेल्समैन ने दिनभर की बिक्री का हिसाब काउंटर पर रखे होने की बात बताई थी। उस समय तक किसी तरह की गड़बड़ी की जानकारी नहीं हुई।

सुबह संदेश भेजकर दुकान खोलने को कहा, पहुंचने पर गायब मिली रकम

सिद्धांत के अनुसार, 19 अगस्त की सुबह 6:14 बजे आशीष ने उन्हें संदेश भेजकर दुकान खोलने के लिए कहा। इसके बाद वह करीब 10 बजे पतरसा स्थित दुकान पहुंचे। दुकान खोलकर काउंटर की जांच की तो वहां रखी करीब 4.50 लाख रुपये की नकदी गायब मिली। नकदी गायब मिलने के बाद सिद्धांत ने तत्काल आशीष को फोन किया, लेकिन उसका मोबाइल बंद मिला। इसके बाद वह उसके घर पहुंचे। वहां परिजनों ने बताया कि आशीष 18 अगस्त की रात से ही घर से गायब है। इससे दुकान संचालक को उस पर बिक्री की रकम लेकर फरार होने का संदेह हुआ। सिद्धांत सिंह ने मामले की जानकारी पनकी पुलिस को देते हुए सेल्समैन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आशीष गुप्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि दुकान से गायब हुई रकम वास्तव में कितनी थी और सेल्समैन की भूमिका क्या है।

मुकदमा दर्ज, सेल्समैन की तलाश में जुटी पुलिस

एसीपी पनकी अमित चौरसिया ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सेल्समैन की तलाश की जा रही है। पुलिस उसके मिलने के बाद नकदी के संबंध में पूछताछ करेगी और मामले की आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।

Updated on:
12 Sept 2026 05:07 pm
Published on:
12 Sept 2026 05:07 pm