
Mohd Nabeel Arrested by UP ATS: उत्तर प्रदेश एटीएस (UP ATS) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए आजमगढ़ जिले के दीदारगंज से 19 साल के मोहम्मद नबील को गिरफ्तार किया। नबील पर प्रतिबंधित आतंकी संगठन अल-कायदा इन इंडियन सब कॉन्टिनेंट (AQIS) की विचारधारा का प्रचार करने और देश के युवाओं को कट्टरपंथी बनाकर अपने नेटवर्क से जोड़ने का गंभीर आरोप लगा है। पूछताछ में यह खुलासा भी हुआ है कि वह बम बनाने की ट्रेनिंग लेने के लिए पाकिस्तान, तुर्की और बांग्लादेश जाने की फिराक में था।
यूपी एटीएस के मुताबिक नबील सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए अपना नेटवर्क चला रहा था। इन ग्रुप्स में बातचीत के लिए कोड वर्ड का इस्तेमाल किया जाता था। चौंकाने वाली बात यह है कि उसके व्हाट्सएप ग्रुप में भारत के अलावा पाकिस्तान, बांग्लादेश, म्यांमार, सऊदी अरब और तुर्की के लोग भी जुड़े हुए थे। एटीएस का आरोप है कि नबील AQIS की विचारधारा को फैला रहा था।
जांच में यह भी सामने आया है कि नबील के पास से बम बनाने के तरीके बताने वाले वीडियो मिले हैं। इसके अलावा ऑनलाइन संपर्कों के जरिए पोटैशियम नाइट्रेट जैसे विस्फोटक रसायन हासिल करने को लेकर भी उसकी बातचीत के पुख्ता सबूत मिले हैं। एटीएस का दावा है कि नबील पाकिस्तान के साथ मिलकर भारत में गजवा ए हिन्द की साजिश रचने में शामिल था।
अधिकारियों ने बताया कि नबील का आजमगढ़ में पहले से कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं रहा है। उसके खिलाफ जिले में पहले कोई मामला दर्ज नहीं था। गिरफ्तारी के बाद से उसके परिवार में दहशत का माहौल है। पड़ोसियों के मुताबिक नबील की गिरफ्तारी के बाद उसकी मां अपनी दो बेटियों को लेकर फूलपुर स्थित अपने मायके चली गई है। घर में अब सिर्फ नबील के नेत्रहीन दादा और दादी ही बचे हैं। उसके पिता दानिश अंसारी सऊदी अरब में रहते हैं। नबील ने सरायमीर इलाके के एक मदरसे से हिफ्ज की पढ़ाई पूरी की थी। मदरसे से लौटने के बाद वह उर्दू में वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया करता था।
एटीएस के अनुसार, नबील और उसके संपर्कों की जांच के दौरान पाकिस्तान के साथ मिलकर कथित तौर पर गजवा ए हिंद की साजिश से संबंधित बातचीत का भी पता चला है। एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में और कौन लोग शामिल हैं और उनकी क्या भूमिका रही है? फिलहाल ATS उसके मोबाइल, ऑनलाइन नेटवर्क और संपर्क में आए दूसरे लोगों की गहराई से जांच कर रही है।