श्रावस्ती

महिला नेता का जंगल में मिला कंकाल, खोपड़ी-जबड़ा और रीढ़ की हड्डी अलग-अलग मिली, खोज में साथ-साथ घूमता रहा… वही निकला कातिल

श्रावस्ती के मल्हीपुर थाना क्षेत्र से किसान यूनियन (अराजनैतिक) की महिला विंग की जिलाध्यक्ष आंचल मिश्रा का जला हुआ कंकाल जंगल से बरामद हुआ। शव के नाम पर केवल खोपड़ी, जबड़ा और रीढ़ की हड्डी मिली। कुछ दूरी पर उसके कपड़े और जूते पड़े हुए मिले।
2 min read
Anchal Mishra Murder
आंचल मिश्रा की फाइल फोटो।

किसान नेता आंचल मिश्रा (25) मल्हीपुर थाना क्षेत्र के बांसगढ़ी फत्तेपुर बनगई गांव की रहने वाली थीं। वह अपने पति संतोष मिश्रा और दो बच्चों के साथ रहती थीं। परिजनों के अनुसार, 17 फरवरी को वह भिनगा में किसान यूनियन की बैठक में शामिल होने की बात कहकर घर से निकली थीं, जिसके बाद वह लापता हो गई थीं। इसके बाद उनका कोई पता नहीं चला। परिजनों ने 19 फरवरी को मल्हीपुर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

आखिरी लोकेशन ककरदरी रेंज के जंगल में मिली

पुलिस ने जांच के दौरान उनके मोबाइल को सर्विलांस पर लगाया। मोबाइल की आखिरी लोकेशन ककरदरी रेंज के जंगल में मिली। इसके बाद मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे पुलिस टीम जंगल पहुंची। यहां तलाश के दौरान जला हुआ कंकाल बरामद हुआ।

मौके पर पुलिस, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड ने पहुंचकर घटनास्थल की जांच की। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में हत्या कर शव को जलाकर सबूत मिटाने की आशंका जताई जा रही है।

तलाश का नाटक करता रहा आरोपी

मृतका के पति संतोष मिश्रा ने सूरज वर्मा पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि घटना के बाद सूरज वर्मा उनके साथ मिलकर आंचल की तलाश का नाटक करता रहा। जांच में भी आंचल मिश्रा और सूरज वर्मा की आखिरी मोबाइल लोकेशन एक ही स्थान पर मिली है। सुरागों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

हत्या के पीछे की वजह तलाश रही पुलिस

पुलिस ने बताया कि 19 फरवरी को महिला के लापता होने की गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। जांच के दौरान पुलिस को 3 मार्च को मल्हीपुर थाना क्षेत्र के ककरदरी जंगल में महिला का कंकाल मिला। बरामद कंकाल को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Published on:
04 Mar 2026 09:05 am