
Shamli Encounter Furkan Killed: शामली में बुधवार को पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में एक लाख रुपये का इनामी फुरकान मारा गया। पुलिस का कहना है कि फुरकान काफी समय से फरार था और उसके खिलाफ कई गंभीर मामले दर्ज थे। मुठभेड़ कैराना क्षेत्र के आसपास हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि फुरकान और उसके साथी इलाके में घूम रहे हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में फुरकान को गोली लगी और वह मौके पर ही ढेर हो गया। बाकी साथी भाग निकले। पुलिस ने मौके से हथियार और गोलीयां बरामद की हैं।
फुरकान कैराना का रहने वाला था। उसके खिलाफ करीब 20 मुकदमे दर्ज थे। इनमें लूट, डकैती, हत्या की कोशिश और अवैध हथियार रखने जैसे मामले शामिल हैं। सबसे खास बात यह है कि वह कैराना पलायन मामले में भी आरोपी था। उस समय इलाके में कई परिवारों को धमकी देकर भगाया गया था। फुरकान उस गैंग से जुड़ा बताया जाता है जिसने इलाके में दहशत फैलाई थी।
एनकाउंटर के बारे में जानकारी देते हुए एसपी एनपी सिंह ने बताया कि कुख्यात फुरकान पिछले लंबे समय से फरार चल रहा था। बुधवार को पुलिस के साथ हुई मुठभेड में मारा गया है। फुरकान ने 2024 में व्यापारी नेता विनोद सिंघल की गोली मारकर हत्या की थी। व्यापारी से रंगदारी मांगने का आरोप था। व्यापारी ने पैसे देने से मनाकर दिया था, इसलिए उसकी हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद कैराना में दहशत फैल गई और कई व्यापारी पलायन करने लगे थे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार फुरकान लंबे समय से पुलिस की नजर में था। उसके सिर पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। कई बार छापेमारी हुई लेकिन वह हर बार फिसल जाता था। इस बार सूचना सटीक मिली और पुलिस ने सफलता हासिल की।
स्थानीय लोगों में इस घटना की चर्चा है। कई लोग कह रहे हैं कि ऐसे अपराधियों के खत्म होने से इलाके में राहत मिलेगी। पुलिस आगे की जांच कर रही है। फुरकान के साथियों की तलाश भी जारी है। मौके पर पहुंची टीम ने इलाके की कॉम्बिंग भी शुरू कर दी है ताकि कोई और बदमाश छिपा न रह जाए।