यूपी न्यूज

UP Diwas 2026: उत्तर प्रदेश दिवस 2026 का भव्य आयोजन 24 से 26 जनवरी तक, प्रदेशभर में होंगे कार्यक्रम

Uttar Pradesh Day 2026: उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, विकास और पहचान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 24 से 26 जनवरी 2026 तक उत्तर प्रदेश दिवस का भव्य आयोजन किया जाएगा। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने प्रदेशवासियों से सभी आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।

3 min read
Jan 18, 2026
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने प्रदेशवासियों से सहभागिता की अपील की (फोटो सोर्स : WhatsApp News Group)

UP Culture: उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश की ऐतिहासिक विरासत, सांस्कृतिक चेतना और विकासात्मक उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश दिवस–2026 का आयोजन इस वर्ष और भी अधिक भव्य, व्यापक और अंतरराष्ट्रीय स्वरूप में किया जा रहा है। यह आयोजन 24 से 26 जनवरी, 2026 तक तीन दिनों तक प्रदेश के सभी जनपदों, मंडलों, राज्य स्तर, देश के अन्य राज्यों तथा विदेशों में भी समारोह पूर्वक मनाया जाएगा।

प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश दिवस का उद्देश्य प्रदेश की गौरवशाली परंपरा, सांस्कृतिक विविधता, आर्थिक प्रगति और आधुनिक विकास को एक मंच पर प्रस्तुत करना है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे इस ऐतिहासिक आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लें और उत्तर प्रदेश के विकसित स्वरूप के साक्षी बनें।

ये भी पढ़ें

Lucknow Airport Update: इंडिगो फ्लाइट में बम की धमकी, लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग, 222 यात्री सुरक्षित

ऐतिहासिक पृष्ठभूमि से जुड़ा उत्तर प्रदेश दिवस

उल्लेखनीय है कि 24 जनवरी 1950 को देश के सबसे बड़े राज्य का नाम ‘संयुक्त प्रांत’ से परिवर्तित होकर ‘उत्तर प्रदेश’ रखा गया था। इसी ऐतिहासिक दिन की स्मृति को अक्षुण्ण बनाए रखने और प्रदेश की सामाजिक, सांस्कृतिक एवं आर्थिक यात्रा को रेखांकित करने के उद्देश्य से वर्ष 2018 से उत्तर प्रदेश दिवस को तीन दिवसीय आयोजन के रूप में मनाया जा रहा है। मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि यह दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि प्रदेश की पहचान, आत्मगौरव और विकास की निरंतर यात्रा का प्रतीक है।

“विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश” थीम पर आयोजन

उत्तर प्रदेश दिवस-2026 का आयोजन इस बार “विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश” की थीम पर किया जाएगा। इसके अंतर्गत यह संदेश दिया जाएगा कि किस प्रकार उत्तर प्रदेश देश के विकास इंजन के रूप में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
इस थीम के माध्यम से औद्योगिक प्रगति,सांस्कृतिक पुनर्जागरण,पर्यटन विस्तार,युवाओं के अवसर,महिला सशक्तिकरण,बुनियादी ढांचे का विकास जैसे विषयों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा।

राज्य स्तरीय मुख्य आयोजन लखनऊ में

उत्तर प्रदेश दिवस–2026 का राज्य स्तरीय मुख्य आयोजन राजधानी लखनऊ स्थित राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल में संपन्न होगा। इसके साथ ही नोएडा के शिल्पग्राम में भी विशेष आयोजन किए जाएंगे। लखनऊ में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम का सजीव प्रसारण सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा किया जाएगा, जिससे प्रदेश के साथ-साथ देश-विदेश में रह रहे उत्तर प्रदेश के नागरिक भी इस उत्सव से जुड़ सकें।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उत्तर प्रदेश दिवस

उत्तर प्रदेश दिवस को वैश्विक पहचान दिलाने के उद्देश्य से इस बार इसका आयोजन देश के अन्य राज्यों-दिल्ली, महाराष्ट्र सहित विदेशों में भी किया जाएगा। शासनादेश के अनुसार,फिजी,मॉरीशस,मालदीव,सिंगापुर,थाईलैंड सहित अन्य देशों में स्थित भारतीय दूतावासों के सहयोग से उत्तर प्रदेश दिवस मनाया जाएगा। इससे प्रवासी भारतीयों और अंतरराष्ट्रीय समुदाय के बीच प्रदेश की सांस्कृतिक एवं आर्थिक छवि को सुदृढ़ किया जाएगा।

ODOP स्टॉल होंगे आकर्षण का केंद्र

कार्यक्रम स्थलों पर वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट (ODOP) योजना से जुड़े विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों के माध्यम से प्रदेश के सभी जिलों की,पारंपरिक कला,हस्तशिल्प,स्थानीय उत्पाद,उद्यमिता,विकास यात्रा को प्रदर्शित किया जाएगा। आगंतुक एक ही स्थान पर पूरे उत्तर प्रदेश की विविधता और प्रगति को देख सकेंगे।

सांस्कृतिक, साहित्यिक और विकासपरक कार्यक्रम

प्रदेश के प्रत्येक जनपद में उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां,लोक नृत्य और लोकगीत,साहित्यिक गोष्ठियाँ,युवा एवं महिला केंद्रित कार्यक्रम,विकास प्रदर्शनी आयोजित की जाएंगी। इन आयोजनों में स्थानीय कलाकारों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संगठनों और जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

विदेशी राजदूत होंगे विशिष्ट अतिथि

मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि नोएडा स्थित शिल्पग्राम में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में उपरोक्त देशों के राजदूतों और उच्चायुक्तों को विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित किया जाएगा। इससे उत्तर प्रदेश की अंतर्राष्ट्रीय निवेश, पर्यटन और सांस्कृतिक संभावनाओं को नया आयाम मिलेगा।

पर्यटन मंत्री की प्रदेशवासियों से अपील

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश दिवस केवल सरकार का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रदेश के हर नागरिक का उत्सव है। यह अवसर हमें अपने गौरवशाली अतीत, सशक्त वर्तमान और उज्ज्वल भविष्य को देखने और दिखाने का अवसर देता है। सभी लोग इसमें बढ़-चढ़कर भाग लें।

ये भी पढ़ें

 Taste of UP: लखीमपुर खीरी का मैगलगंज बना गुलाब-जामुन की पहचान, 1941 से चली आ रही मिठास की ऐतिहासिक कहानी

Also Read
View All

अगली खबर