यूपी न्यूज

प्रेमिका से शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, एक घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने सकुशल उतारा

Mau News: मुहम्मदाबाद गोहना क्षेत्र के गौरपार गांव में प्रेमिका से शादी कराने की मांग को लेकर एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने करीब एक घंटे तक समझाइश की, जिसके बाद युवक सुरक्षित नीचे उतर आया।
2 min read
Jul 23, 2026
Pic: patrika
प्रेमी के लिए टावर पर चढ़ा युवक, Pc: पत्रिका

Mau News: मऊ जिले के मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के गौरपार गांव में गुरुवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब 20 वर्षीय एक युवक अपनी प्रेमिका से शादी कराने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर चढ़ा देख ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए पुलिस ने सबसे पहले टावर के आसपास सुरक्षा घेरा बनाकर लोगों को दूर किया। इसके बाद अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने युवक से बातचीत शुरू की और उसे शांतिपूर्वक नीचे उतरने के लिए समझाने का प्रयास किया।

लंबे समय से चल रहा था प्रेम

पुलिस के अनुसार, गौरपार गांव निवासी दीपक कुमार (20) का कहना था कि वह ढाढाचवर गांव की एक युवती से कई वर्षों से प्रेम करता है। दोनों शादी करना चाहते हैं, लेकिन दोनों परिवार इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं हैं। युवक का कहना था कि जब तक उसकी शादी नहीं कराई जाएगी, वह टावर से नीचे नहीं उतरेगा।

करीब एक घंटे तक पुलिस, ग्रामीणों और परिजनों ने युवक को लगातार समझाया। पुलिस ने उसे भरोसा दिलाया कि उसकी बात गंभीरता से सुनी जाएगी और कानून के दायरे में रहकर दोनों पक्षों से बातचीत कर उचित प्रयास किया जाएगा। काफी समझाने-बुझाने के बाद युवक टावर से सुरक्षित नीचे उतरने के लिए राजी हो गया।

युवक के नीचे उतरते ही पुलिस और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। इसके बाद पुलिस उसे पूछताछ के लिए कोतवाली ले गई, जहां उसके परिजनों को भी बुलाया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत कर मामले का शांतिपूर्ण समाधान निकालने की पहल की।

टावर पर युवक का चढ़ना चर्चे का विषय बना

घटना के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर मौजूद रहे और पूरे घटनाक्रम को देखने के लिए आसपास के गांवों से भी लोग पहुंच गए। यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।

कोतवाली प्रभारी के.के. वर्मा ने बताया कि युवक और युवती के बीच कई वर्षों से प्रेम संबंध हैं। शादी नहीं होने से युवक ने भावावेश में यह कदम उठाया। वहीं, युवक के परिजनों का कहना है कि उसकी मानसिक स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं है और उसका इलाज भी चल रहा है। पुलिस द्वारा समझाने के बाद परिजन युवक को अपने साथ घर ले गए। फिलहाल मामले में शांति है और पुलिस दोनों परिवारों से संपर्क बनाए हुए है।

Updated on:
23 Jul 2026 06:49 pm
Published on:
23 Jul 2026 06:49 pm