पीड़ित महिला ने एसएसपी बबलू कुमार को प्रार्थना पत्र दिया। एसएसपी ने मामले में जांच के आदेश दिए हैं।
आगरा। प्रेम की डोर कितनी कच्ची होती है, इसका अंदाजा लगाना बेहद मुश्किल है। ऐसा ही मामला सामने आया आगरा में, जहां निकाह के दो वर्ष बाद ही पहली संतान का चेहरा देख पति ने तीन तलाक बोल दिया। पीड़ित महिला ने एसएसपी बबलू कुमार को प्रार्थना पत्र दिया। एसएसपी ने मामले में जांच के आदेश दिए हैं।
ये है मामला
थाना हरीपर्वत क्षेत्र के खंदारी आजाद नगर की रहने वाली परवनी का निकाह छह जुलाई 2018 को पक्की सराय निवासी जहांगीर के साथ हुआ था। परवीन ने बताया कि पति बेहद प्यार करता था, लेकिन अचानक ही न जाने किसके बहकावे में आ गया। दहेज के लिए उसका उत्पीड़न शुरू कर दिया। वह सहती रही, कि शायद पहली संतान आने के बाद सबकुछ सही हो जाएगा। 30 अक्टूबर 2019 को परवीन ने बेटी को जन्म दिया। परवीन खुश थी, लेकिन ससुरालीजन इस बात से खफा थे। पति भी बेटी के जन्म पर गुस्से में था। 13 जनवरी को वह मायके आई, इसके बाद रात को बहन फरीन के साथ वापस ससुराल जा रही थी।
रास्ते में मिल गया पति
परवीन ने बताया कि रास्ते में ही पति मिल गया। उसने गालीगलौज शुरू कर दी। इसका विरोध करने पर बहन से मारपीट कर दी। इसके बाद तीन तलाक बोलकर चला गया। परवीन को घर में भी नहीं घुसने दिया। वह वापस मायके आ गई। इसके बाद अपनी शिकायत लेकर एसएसपी बबलू कुमार के पास पहुंची। एसएसपी के आदेश पर थाना हरीपर्वत पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।