वाराणसी

कैंट रेलवे स्टेशन पर पकड़ा गया ₹3.5 करोड़ का अफ्रीकी सोना, 2 तस्कर अरेस्ट, अनोखा था तस्करी का तरीका

कैंट रेलवे स्टेशन पर सोने के 19 बिस्कुट बरामद हुए हैं। इस दौरान दो तस्कर पकड़े गए हैं। पकड़े गए सोने की कीमत 3.5 करोड़ से ज्यादा है। आरोपियों को जेल भेजते हुए सोना कस्टम विभाग को सौंप दिया गया है....

2 min read
Mar 13, 2026
Pc- patrika

वाराणसी: कैंट रेलवे स्टेशन पर आरपीएएफ, जीआरपी और सीआईबी की टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन से 3 करोड़ से अधिक का सोना बरामद किया है। इसके साथ ही दो तस्करों को भी पकड़ा गया है। खुलासा करते हुए जीआरपी आईजी ने बताया कि यह सोना अफ्रीका से लाया गया है और बांग्लादेश के रास्ते पश्चिम बंगाल से भारत में लाया गया। इसकी डिलीवरी दिल्ली में करनी थी।

आरपीएफ, जीआरपी और सीआईबी की टीम को मिली सफलता

जानकारी के मुताबिक, ट्रेन संख्या 20503 डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस में जांच के दौरान आरपीएफ, सीआईबी और जीआरपी की टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम की संयुक्त कार्रवाई में प्लेटफार्म नंबर 5 पर खड़ी राजधानी एक्सप्रेस से दो लोगों को 2.215 किलोग्राम सोने के साथ पकड़ा गया है। मामले का खुलासा करते हुए आईजी जीआरपी एन कोलांची ने बताया कि यह सोना अफ्रीका का है, जिसे बांग्लादेश के रास्ते पश्चिम बंगाल में तस्करी कर लाया गया था।

सोने के 19 बिस्कुट बरामद

उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र के रहने वाले बालासो और तेजस बालासाहेब पवार को गिरफ्तार किया गया है। दोनों के पास से 116 ग्राम के 19 सोने के बिस्कुट बरामद हुए हैं, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 3.54 करोड़ रुपए है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार तस्करों में से एक छात्र है और उनकी तस्करी का तरीका भी अनोखा था। इन्हें इस बात की जानकारी नहीं होती थी कि माल की डिलीवरी किसे देनी है।

ऐसे होती थी तस्करी

आईजी जीआरपी ने बताया कि आरोपी पश्चिम बंगाल से सोने की तस्करी कर दिल्ली डिलीवरी करने वाले थे। हालांकि, इन्हे इस बात की जानकारी नहीं थी कि यह सोना दिल्ली में किसे देना है। उन्होंने बताया कि इन्हें एक फोन दिया जाता था और उसी के जरिए उनसे कोऑर्डिनेशन होता था। दिल्ली में पहुंचने से पहले इनका फोन आता और बताया जाता है कि यह सोना किसे देना था। इसके साथ ही फोन को भी उसी व्यक्ति को सौंप देना होता है।

एक आरोपी 35 बार जा चुका है जेल

आईजी ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी बालासो तस्करी के मामले में 35 बार जेल जा चुका है और हर बार छूटने के बाद तस्करी के इस धंधे में शामिल हो जाता था। फिलहाल, आरपीएफ, जीआरपी और एसआईबी की टीम इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है। उन्होंने बताया कि जल्द ही इस बड़े नेटवर्क और पूरे गैंग का खुलासा किया जाएगा। टीम ने पकड़े गए सोने को कस्टम विभाग को सुपुर्द कर दिया है और आरोपियों को जेल भेज दिया है।

Updated on:
13 Mar 2026 02:59 pm
Published on:
13 Mar 2026 02:50 pm
Also Read
View All

अगली खबर