
Pc-Patrika
Accident on Ring road in Varanasi: उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में हरहुआ रिंग रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ ह। बताया जा रहा है कि शुक्रवार की देर रात रिंग रोड पर दो कारों के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई, जिसमें दोनों कार में सवार पांच लोग घायल हुए हैं। वहीं, घायल हुए लोगों का इलाज वाराणसी के ट्रामा सेंटर में चल रहा है, जहां सभी की हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है की टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक कार करीब 50 मीटर तक घसीटते हुए चली गई।
जानकारी के मुताबिक, बड़ागांव थाना क्षेत्र के हरहुआ रिंग रोड पर शुक्रवार की देर रात दो कारों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में लोहता के मुरैना के रहने वाले प्रशांत कुमार शाह, मंडुआडीह के रहने वाले यथार्थ गोस्वामी, सुंदरपुर के रहने वाले मनीष पांडे, मिर्जापुर के कोतवाली इलाके के वैभव चौरसिया और जय चौरसिया इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों कारों के बीच टक्कर के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत और बचाव कार्य शुरू किया। टक्कर के बाद सड़क पर दोनों कारों का मलबा फैल गया।
बताया जा रहा है कि मध्य प्रदेश नंबर की एक कार विपरीत दिशा से रिंग रोड की तरफ बढ़ रही थी। इसी दौरान वाराणसी नंबर की कार से उसकी टक्कर हो गई। हादसा देर रात करीब 2 बजे के आसपास रिंग रोड चौराहे पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाराणसी की ओर से आ रही कार करीब 50 मीटर तक घसीटते हुए चली गई। वहीं, टक्कर के बाद घायलों में चीख पुकार मच गई।
हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हुए और राहत और बचाव कार्य शुरू किया है। इसी दौरान पूरे मामले की जानकारी बड़ागांव पुलिस को भी दी गई। घटनास्थल पर पहुंचे बड़ागांव थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि इस हादसे में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर देखते हुए सभी को वाराणसी के ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया है।
पुलिस ने बताया कि सड़क पर चारों तरफ दोनों कारों का मलबा बिखरा हुआ था। हादसे में दोनों कारों का एयरबैग खुल गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस के मुताबिक, सड़क पर से मलबे को हटाया जा रहा है। वहीं, दोनों कार को कब्जे में ले लिया गया है। बड़ागांव थाना अध्यक्ष ने बताया कि सड़क हादसे के बारे में घायलों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। मामले में तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
25 Jul 2026 11:04 am
Published on:
25 Jul 2026 11:04 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
