वाराणसी

वाराणसी एयरपोर्ट पर टला बड़ा हादसा: रनवे में खराबी देख हवा में उठा इंडिगो विमान, 154 यात्रियों की सांसें अटकीं

Varanasi Airport Indigo Flight: वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया। लैंडिंग से पहले रनवे पर गिट्टी उभरी देख इंडिगो विमान के पायलट ने लैंडिंग टाली और 'टच एंड गो' कर उड़ान भरी। विमान में 154 यात्री सवार थे।
2 min read
Aug 11, 2026
Indigo Flight, Varanasi Airport, UP News
इंडिगो फ्लाइट (फोटो- ANI)

Varanasi Flight Diverted:उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बाबतपुर में मंगलवार को एक बड़ा विमान हादसा होते-होते बच गया। रनवे पर तकनीकी समस्या आने के कारण दिल्ली से आ रही इंडिगो की फ्लाइट लैंड करते करते वापस आसमान में उड़ गई। इस विमान में 154 यात्री सवार थे। पायलट की सूझबूझ और सही समय पर लिए गए फैसले से एक बड़ी अनहोनी टल गई।

लैंडिंग से ठीक पहले पायलट ने बदला फैसला

एयरपोर्ट सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार दोपहर दिल्ली से इंडिगो की फ्लाइट 6E 5025 वाराणसी एयरपोर्ट पर लैंड करने ही वाली थी। पायलट को रनवे स्ट्रिप ठीक से दिखाई नहीं दी और उसने देखा कि रनवे की गिट्टी भी जगह-जगह से उभरी हुई है। खतरे को भांपते हुए पायलट ने 'टच एंड गो' की स्थिति में तुरंत विमान को वापस आसमान में उड़ा लिया और उसे सुरक्षित तरीके से लखनऊ डायवर्ट कर दिया। बताया जा रहा है कि अगर विमान उस स्थिति में लैंड हो जाता तो हादसा भी हो सकता था।

करीब 2 घंटे बंद रहा एयरपोर्ट का मुख्य रनवे

घटना के तुरंत बाद पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को इस खतरे की सूचना दी। जानकारी मिलते ही एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारियों में हड़कंप मच गया। टीम ने मौके का मुआयना किया और क्षतिग्रस्त रनवे की मरम्मत के लिए करीब 2 घंटे तक विमानों का संचालन पूरी तरह से रोक दिया। हालांकि सोशल मीडिया पर यह अफवाह भी उड़ी थी कि रनवे पर डंपर पलट गया है लेकिन एयरपोर्ट प्रशासन ने इस बात से साफ इनकार किया है।

कई फ्लाइट्स हुई डायवर्ट

रनवे मेंटेनेंस के कारण अहमदाबाद और नवी मुंबई से वाराणसी आ रहे विमानों को नजदीकी एयरपोर्ट अयोध्या और लखनऊ की तरफ मोड़ना पड़ा। इसके अलावा गाजियाबाद से आने वाली उड़ान रद्द कर दी गई जबकि दिल्ली जाने वाली फ्लाइट में काफी देरी हुई। अचानक हुए इस बदलाव के चलते एयरपोर्ट पर यात्रियों की लंबी कतारें लग गईं और उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। यात्री अपनी उड़ानों के नए समय को लेकर एयरलाइंस के हेल्प डेस्क पर जानकारी जुटाते नजर आए।

एयरपोर्ट निदेशक ने दी आधिकारिक जानकारी

वाराणसी एयरपोर्ट के निदेशक पुनीत गुप्ता ने बताया कि रनवे मेंटेनेंस के कारण उड़ानों को करीब डेढ़ से दो घंटे के लिए रोका गया था। इसका असर कुछ विमान सेवाओं पर जरूर पड़ा है लेकिन मरम्मत का काम पूरा होने के बाद विमानों की आवाजाही को धीरे-धीरे सामान्य किया जा रहा है। अधिकारियों ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे एयरपोर्ट के लिए घर से निकलने से पहले अपनी एयरलाइंस से अपनी फ्लाइट का लाइव स्टेटस जरूर चेक कर लें। आपको बता दें कि रनवे विस्तार के काम के चलते वाराणसी एयरपोर्ट पर पहले से ही रात की उड़ानें पिछले एक महीने से बंद चल रही हैं।

Updated on:
11 Aug 2026 05:24 pm
Published on:
11 Aug 2026 05:24 pm
Also Read
View All
दादर एवं नगर हवेली का वांछित वाराणसी में गिरफ्तार, प्रेम विवाह के बाद की थी पत्नी की हत्या, शव को कमरे में शूटकेस में रखकर हुआ था फरार

‘साहब गलती हो गई, माफ कर दीजिए’, वाराणसी में पुलिस ने सीज की 26 लाख की सुपर बाइक, फायरिंग जैसी आवाज निकाल रहा था राइडर

वाराणसी के दालमंडी प्रोजेक्ट ने पकड़ी रफ्तार, विधायक ने किया भूमि पूजन

रोक के बावजूद सावन में कर रहे थे बिक्री, वाराणसी नगर निगम ने मांस-मछली की 12 दुकानों पर चलाया बुलडोजर, दी हिदायत

4 साल में एक लाख बच्चों तक पहुंची अक्षय पात्र की पोषण थाली, काशी में 20 हजार बच्चों से हुई थी शुरुआत, 14 करोड़ से निर्मित हाईटेक रसोई में होता है तैयार