
डीजे गाड़ी ओवरटेक करने पर भिड़े कांवड़िए (फोटो- पत्रिका)
Bijnor Kanwariya Clash: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के धामपुर में सोमवार देर रात कांवड़ियों के दो गुटों के बीच जमकर बवाल हो गया। डीजे की गाड़ी को ओवरटेक करने के विवाद में रामपुर और संभल जिले के कांवड़िए आपस में भिड़ गए। राजपूताना चौपले पर दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक कहासुनी हुई। कहासुनी के बाद कांंवड़ियों ने जमकर एक-दूसरे पर लाठी-डंडे बरसाए। इस मारपीट में कई कांवड़ियों के चोटिल होने की खबर भी सामने आई है।
सोमवार रात करीब 10 बजे धामपुर के राजपूताना चौपले से रामपुर और संभल जिले के कांवड़िए गुजर रहे थे। इसी दौरान डीजे की गाड़ी को आगे निकालने यानी ओवरटेक करने को लेकर दोनों गुटों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते यह बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों तरफ से लाठी-डंडे निकल आए और मारपीट शुरू हो गई। सड़क पर अचानक हुई इस लड़ाई से वहां अफरातफरी का माहौल बन गया।
कांवड़ियों की भारी भीड़ और सुरक्षा को देखते हुए राजपूताना चौपले पर पहले से ही पुलिस चौकी बनाई गई है। इसके बावजूद सोमवार रात अचानक विवाद होने से कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। जैसे ही मारपीट की सूचना मिली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई। बड़ी संख्या में कांवड़ियों के मौजूद होने के कारण पुलिस को बीच-बचाव करने और स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए काफी मेहनत करनी पड़ी। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा बुझाकर शांत कराया और उन्हें उनके आगे के सफर के लिए रवाना किया।
इस पूरी घटना को लेकर अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी धामपुर अमित किशोर श्रीवास्तव ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आ गया है। उन्होंने संबंधित थाना प्रभारी निरीक्षक को इस पूरे विवाद की गहराई से जांच कर जल्द से जल्द रिपोर्ट सौंपने के सख्त निर्देश दिए हैं। फिलहाल पुलिस इस बात की जानकारी जुटा रही है कि मारपीट में कौन-कौन लोग शामिल थे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कांवड़ यात्रा के दौरान शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार कड़ी निगरानी कर रही है।
Updated on:
11 Aug 2026 03:45 pm
Published on:
11 Aug 2026 03:45 pm
