
भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की फेमस एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे के कथित सुसाइड के मामले में पुलिस ने एक्ट्रेस के माता- पिता की तहरीर पर दो लोगों के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज की है। जिन अभियुक्तों पर एक्ट्रेस आकांक्षा को सुसाइड के लिए दुष्प्रेरित करने का आरोप लगा है, वो भोजपुरी सिंगर और एक्टर समर सिंह और उसका भाई संजय सिंह हैं। अभिनेत्री की मौत के दूसरे दिन यानी 27 मार्च को वाराणसी पहुंचे परिवार वालों ने सोमवार को सारनाथ थाने में आरोपियों के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है।
रो - रोकर मां ने कही ये बात
इस दौरान आकांक्षा दुबे की मां और उनके मामा सहित परिवार के कई लोग मौजूद थे। आकांक्षा की मां मधु दुबे का रो-रोकर बुरा हाल था। पत्रकारों से बातचीत करते हुए मां मधु कैमरे के सामने फूट- फूटकर रोने लगीं। आकांक्षा की मां ने बदहवास होकर कहा कि बिटिया के जाने के बाद वह एकदम अकेली हो गई हैं। उन्होंने कहा कि अब वह किससे पूछेंगी कि बेटी ने खाना खाया कि नहीं। इतना कहते ही मधु फूट-फूटकर रोने लगीं। संतान की मौत के बाद सबसे ज्यादा दुख की उसकी मां को होता है, जिसका एक जीता जागता उदाहरण सारनाथ थाने के बाहर देखने को मिला।