
वाराणसी. इस बार का 2018 लोकसभा चुनाव दिलचस्प होने वाला है। राजनीतिक उठापटक और सियासी दांवपेंच के बीच कई फिल्मी सितारे अपनी किस्मत आजमाते रहे हैं। इस बार भी ऐसा होगा, पर जो इसे महत्वपूर्ण बनाएगा वह ये कि इस बार के चुनाव में पहले से जयादा भोजपुरी फिल्म स्टार मैदान में उतरेंगे। मनेाज तिवारी और रवि किशन तो पहले से ही राजनीति में सक्रिय हैं और चुनाव भी लड़ चुके हैं। पर इस बार भोजपुरी के कुछ और सितारे चुनाव में अपनी किस्मत आजमाते दिखेंगे। भोजपुरी के बढ़ते क्रेज को देखते हुए राजनीतिक पार्टियां भी इन्हें टिकट देने में दिलचस्पी दिखा रही हैं।
मनोज तिवारी भोजपुरी फिल्मों की मदद से ही आज न सिर्फ सांसद बने हैं बल्कि बीजेपी ने उन्हें दिल्ली जैसे प्रदेश का प्रदेश अध्यक्ष तक बना दिया। रवि किशन पहले कांग्रेस में थे और कांग्रेस के टिकट पर जौनपुर से 2014 का लोकसभा चुनाव भी लड़ा, पर उन्हें हार का सामना करना पड़ा। 2014 के यूपी विधानसभा चुनाव के पहले रवि किशन ने बीजेपी का दामन थाम लिया। इस कड़ी में अगला नाम जुड़ा भोजपुरी फिल्मों के सुपर स्टार दिनेश लाल यादव निरहुआ का। निरहुआ ने यूपी विधानसभा चुनाव के पहले ही समाजवादी पार्टी जवाइन कर ली। उन्हें विधानसभा चुनाव में ही टिकट मिल सकता था पर, शायद पार्टी या फिर निरहुआ ने खुद लोकसभा चुनाव का मन बनाया था।
अब 2018 के लोकसभा चुनाव में निरहुआ के सपा से चुनाव लड़ने की खबर है। संभवत: पूर्वांचल की गाजीपुर या आजमगढ़ सीट से निरहुआ सपा के टिकट पर ताल ठोकते दिखें, जो उनका पैतृक जिला भी है। निरहुआ के साथ ही भोजपुरी स्टार एक्ट्रेस आम्रपाली दुबे भी लोकसभा के चुनाव मैदान में नजर आ सकती हैं। आम्रपाली दुबे अखिलेश निरहुआ के साथ अखिलेश यादव से मुलाकात भी कर चुकी हैं। ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि मूल रूप से गोरखपुर की रहने वाली आम्रपाली दुबे सपा के टिकट पर गोरखपुर से चुनाव लड़ सकती हैं। बता दें कि मनोज तिवारी ने भी अपना पहला चुनाव सपा के टिकट पर गोरखपुर से ही लड़ा था, जिसमें पराजय उनके हाथ लगी थी।
बात भोजपुरी स्टार खेसाली लाल यादव और पवन सिंह की करें तो ये दोनों भी बिहार से चुनाव मैदान में आ सकते हैं। पवन सिंह पहले ही बीजेपी में शामिल हो चुके हैं। उनके आरा से चुनाव लड़ने की अटकलें लगायी जा रही हैं। इसके अलावा खेसारी लालू प्रसाद यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल से बिहार की महराजगंज सीट से चुनाव लड़ सकते हैं। इन स्टार्स ने अभी तक अपनी ओर से कुछ नहीं कहा है, पर राजनीतिक पार्टियां यूपी और बिहार में छाए इन भोजपुरी स्टार्स के क्रेज को भुनाने की कोशिश जरूर करेंगी और यह पहले से होता चला आया है।