
Chhath Puja News: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की शुरुआत शुक्रवार से नहाए खाए के साथ शुरू हो रही है। चार दिनों तक मनाया जाने वाला यह पर्व भगवान भास्कर को समर्पित है। वहीं, वाराणसी के बाजारों में एक बार फिर से रौनक लौट आई है पूजा के लिए बाजार पूरी तरह से सज गए हैं। इनमें दौरा, सूप, डगरा, साठी, चावल, गुड़ और फलों से लेकर ठेकुआ व रेडीमेड कपड़े की भी खरीदारी जमकर की जा रही है। वहीं, ऑनलाइन के माध्यम से भी श्रद्धालु और व्रती छठ की पुस्तकों और दौरा व अन्य सामग्री खरीद रहे हैं। वर्चुअल बाजार से कुछ ही मिनट में सामान घर बैठे आसानी से उपलब्ध हो रहा है।
ई-कॉमर्स कंपनियों के पोर्टल पर छठ पूजा से संबंधित लगभग हर एक सामग्री उपलब्ध है। इस पर्व में प्रसाद के रूप में इस्तेमाल किए जाने वाला ठेकुआ लगभग 300 में मिल रहा है। वहीं, गन्ने के टुकड़े 30 से 35 रुपए, सूप 160 से 300 रुपए, पीतल का सूप 1600 से 2 हजार, जबकि नारियल 60 से 70 रुपए प्रति पीस बिक रहा है। वहीं, वाराणसी के दशाश्वमेध, चंदुआ सट्टी, सुंदरपुर, पांडेयपुर, पहड़िया, शिवपुर लंका व अस्सी के बाजारों में ग्राहक पूजन सामग्री की खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं।
पहड़िया मंडी में पूजन सामग्री की दुकान लगाने वाले रमेश सोनकर ने बताया कि डगरा दो सौ से ढाई सौ रुपए, सूप 100 से 150 रुपए, वही नारियल ₹60 पीस बिक रहा है। रमेश के मुताबिक, 100 रुपए में 100 दीया और दौरा 70 से 150 रुपए तक बिक रहा है। वहीं, फल कारोबारी मनोज ने बताया कि अनानास 50 रुपए पीस केला 60 से 70 रुपए दर्जन, सेब 80 से 150 रुपए किलो मिल रहा है। मनोज ने बताया कि पिछले दो दिनों से श्रद्धालु जमकर खरीदारी कर रहे हैं।
छठ व्रती अन्नू ओझा ने बताया कि वह मूल रूप से बिहार की रहने वाली हैं, लेकिन उनका परिवार अब वाराणसी के लेढूपुर इलाके में बस चुका है और वह इस त्यौहार को वाराणसी में ही अपने परिवार के साथ मना रही हैं। उन्होंने बताया कि कुछ पूजन सामग्री बाजार से जाकर खरीदी गई है, जबकि कुछ पूजन सामग्री ऑनलाइन माध्यम से ई-कॉमर्स कंपनियों के जरिए मंगाई गई है। उन्होंने बताया कि ई-कॉमर्स कंपनियों पर भी उचित मूल्य पर सामग्री उपलब्ध हो जा रही है और सबसे बड़ी बात यह है कि उसे खरीदने के लिए कहीं जाना भी नहीं पड़ रहा है और घर बैठे ही यह सुविधा उपलब्ध हो जा रही है।