अराजक तत्वों ने पुलिस पर जमकर फेंके पत्थर, कई घायल
वाराणसी. CAA को लेकर शुक्रवार को बनारस के भेलूपुर थाना क्षेत्र के बजरडीहा इलाके में भी बवाल हो गया। अराजक तत्वों ने पुलिस पर जमकर पथराव किया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए लाठीचार्ज कर स्थिति को संभाला। काफी देर तक उपद्रवी पथराव करते रहे। इसके बाद पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया। आंसू गैस के गोले भी छोड़े गये।दोनों पक्ष के कई लोगों के घायल होने की जानकारी मिल रही है जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। बवाल की जानकारी मिलते ही डीएम व एसएसपी प्रभाकर चौधरी भी मौके पर पहुंच गये थे।
यह भी पढ़े:-बनारस में शाम तक के लिए बंद की गयी इंटरनेट सेवा
यूपी के अन्य जिलों की तुलना में बनारस की स्थिति काफी शांत थी। दोपहर तक सारे वरिष्ठ अधिकारी मौके पर जाकर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। संवेदनशील माने जाने वाले बजरडीहा में लोगों की भीड़ सड़क पर निकल गयी। पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया। भीड़ ने पुलिस का सुरक्षा घेरा तोडऩे का प्रयास किया। इसके बाद कुछ अराजक तत्वों ने पथराव कर दिया। पुलिस ने स्थिति को संभालने के लिए लाठीचार्ज किया। लाठीचार्ज से वहा पर भगदड़ मच गयी। पुलिस काफी देर बाद स्थिति को नियंत्रित कर पायी।
यह भी पढ़े:-शारजाह व दुबई के लोगों को मिलेगी पूर्वांचल की हरी मिर्च
अफवाह पर रोक लगाने के लिए बंद किया गया है इंटरनेट
अफवाह पर रोक लगाने के लिए जिले में सुबह इंटरनेट बंद कर दिया गया है। जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने रात तक इंटरनेट को बंद करने का निर्देश दिया है। एडीजी जोन बृजभूषण, आईजी रेंज विजय सिंह मीना, एसएसपी प्रभाकर चौधरी समेत तमाम पुलिस अधिकारी खुद लगातार शहर का चक्रमण करके स्थिति पर नजर रख रहे हैं। पुलिस ने पहले ही चेतावनी देते हुए कहा था कि जो लोग कानून व्यवस्था को हाथ में लेंगे। उनके खिलाफ कार्रवाई की जायेगी। दर्जनों लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है इसके बाद भी अराजक तत्व मानने को तैयार नहीं है और मौका देख कर स्थिति को बिगड़ाने में लग जा रहे हैं।
यह भी पढ़े:-बनारस में शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए भारी फोर्स तैनात, पुलिस अधिकारी लगातार कर रहे भ्रमण
जानिए क्या कहा अधिकारियों ने:-
डीएम ने कहा कि किसी की नहीं हुई मौत, भगदड़ से घायल हुए लोगों का कराया जा रहा इलाज
जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने कहा कि यहां बजरडीजा में नमाज के बाद कुछ लोगों ने योजना के तहत गलियों में जुलूस निकालना शुरू किया। इसकी जानकारी मिली तो यहां पर अतिरिक्त फोर्स भेजी गयी। काफी देर तक समझाने का प्रयास किया गया। स्थानीय लोगों ने भी समझाने का प्रयास किया। लाउडस्पीकर से कहा गया कि यही पर ज्ञापन दे। इसके बाद भी नहीं माने। लोगों ने पथराव कर दिया। तीन से चार गलियों में लोग भागे। लगभग 15 से 20 मिनट के बाद स्थिति शांत हो गयी। एक गली सकरी थी वहां पर भगदड़ के चलते सात-आठ लोग घायल हो गये। उन्हें एम्बुलेंस से अस्पताल भेजा गया। इस मामले में मुकदमा दर्ज हुआ है। दोषियों की पहचान की गयी है। इस भीड़ में कोई लीडर नहीं था। लोगों से कहा गया कि आराम से घर से निकले। शांति व्यवस्था कायम हो चुकी है। लगभग तीन हजार भीड़ थी और दो से ढाई सौ लोग ही उपद्रवी थे। जिलाधिकारी ने कहा कि भगदड़ में किसी की मौत नहीं हुई है। घायलों को हम लोग इलाज करा रहे हैं।
एसएसपी ने कहा कि समझाने पर नहीं माने लोग, पुलिस पर किया पथराव
एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने कहा कि लगातार इनपुट मिले थे इसलिए जनपद की पुलिस फोर्स लगायी गयी थी बजरडीहा इलाके की गलियों में तीन से चार हजार लोग एकत्रित हो गये थे। एक एक घंटे से अधिक समय तक समझाने का प्रयास किया गया। स्थानीय लोग भी समझा रहे थे। शाम हो रही थी। अराजक तत्व शामिल होने लगे। सभी को हट जाने को कहा गया। इसी बीच वहां पर भगदड़ मच गयी। आगे की तरफ शामिल लोगों ने पथराव कर दिया। आधा दर्जन लोग घायल है उनका इलाज चल रहा है। पुलिसकर्मी को हल्की चोट लगी है। दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। धारा 144 लगी होने के बाद भी कानून का उल्लंघन किया गया है। लोगों को लगातार समझाया जा रहा है। मुकदमे पर कहा कि सीसीटीवी व वीडियो के जरिए पहचान की जा रही है। जिम्मेदार किसी को नहीं छोड़ा जायेगा।