
CM Yogi Adityanath in Varanasi: अपने एक दिवसीय दौरे पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार की शाम वाराणसी पहुंचेंगे। वाराणसी में बाढ़ आने के बाद प्रभावित इलाकों का वह हवाई सर्वेक्षण करेंगे। संभावित प्रोटोकॉल के मुताबिक, शाम 4:10 से 4:50 बजे तक वह बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। इसके बाद शिवपुर स्थित विद्या विहार इंटर कॉलेज में बने बाढ़ राहत शिविर में पहुंचकर प्रभावितों से मुलाकात करेंगे और उनके बीच राहत सामग्री का वितरण करेंगे।
काशी भ्रमण से पूर्व सीएम योगी गोरखपुर से आजमगढ़ पहुंचेंगे। आजमगढ़ में प्रस्तावित एक निजी कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद वह हेलीकॉप्टर से वाराणसी पहुंचेंगे और बाढ़ का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री इसके बाद पुलिस लाइन पहुंचेंगे और शाम करीब 5:15 पर शिवपुर स्थित विद्या विहार इंटर कॉलेज में बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात करके उनके बीच राहत सामग्री का वितरण करेंगे।
संभावित प्रोटोकॉल मिलने के बाद जिले के अधिकारी तैयारी में जुटे हुए हैं। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से गंगा और वरुणा नदी के किनारे बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद पुलिस लाइन में बने सेफ हाउस में जनप्रतिनिधियों, पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों के साथ बाढ़ के हालात और राहत कार्यों की समीक्षा बैठक करेंगे। मुख्यमंत्री बाढ़ पीड़ितों को मिलने वाली सुविधाओं और मुआवजे को लेकर अधिकारियों से फीडबैक भी लेंगे। बता दें कि विद्या विहार इंटर कॉलेज में बने राहत शिविर में 160 से अधिक बाढ़ पीड़ित लोगों से शिविर की व्यवस्थाओं को लेकर फीडबैक भी लेंगे। यहां 40 परिवार रह रहे हैं, जिनमें 65 पुरुष, 60 महिलाएं, 34 बच्चे और 6 बुजुर्ग हैं।
इसके बाद शाम 6:00 बजे वह कार से रवाना होंगे और 6:30 बजे श्री काल भैरव मंदिर पहुंचेंगे। वहीं, काल भैरव मंदिर में दर्शन पूजन करने के बाद वह श्री विश्वनाथ मंदिर में भी दर्शन पूजन के लिए पहुंचेंगे। दर्शन पूजन करने के बाद मुख्यमंत्री सीधे लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पहुंचेंगे और वहां से लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे। बता दें कि इससे पूर्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने काशी के जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और महापौर अशोक तिवारी से बाढ़ के हालातों पर फोन पर चर्चा की थी। इसके बाद मुख्यमंत्री यहां पहुंचकर जमीनी हकीकत का जायजा लेंगे।