
Varanasi Sucide case: वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र के नगवा इलाके में एक युवक ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। बताया जा रहा है कि युवक पेंटिंग का काम करता था और वह नगवा इलाके में काम पर आया हुआ था। इसी दौरान उसने खुद को गोली मार ली। युवक की पहचान लंका थाना क्षेत्र के डाफी के रहने वाले सोनू (26) के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई है और मृतक के परिजनों को मामले की जानकारी दे दी गई है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सोनू पिछले कई दिनों से पेंटिंग का काम किया करता था और परिवार के साथ वह डाफी में बने पुश्तैनी मकान में रह रहा था। गोली मारे जाने की सूचना पुलिस को मिलने के बाद मौके पर एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार और लंका थाने की पुलिस पहुंच गई है और मामले में आगे की पड़ताल कर रही है। पुलिस इस बात का भी पता लग रही है कि युवक के पास पिस्टल कहां से आया और किन परिस्थितियों में उसने खुद को गोली मार ली।
घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों से पुलिस पूरे मामले की जानकारी करने में लगी हुई है। परिजनों ने बताया कि सोनू मिलनसार और हसमुख स्वभाव का था और उसे किसी प्रकार की मानसिक परेशानी भी नहीं थी। वह प्रतिदिन अपने पेंटिंग के काम पर जाया करता था। परिजनों ने बताया है कि सोनू ने यह कदम क्यों उठाया इस बात की उन्हें जानकारी नहीं है। वहीं, पुलिस ने बताया है कि सोनू के पास पिस्टल कहां से आया, इस बात की जानकारी की जा रही है। एसीपी गौरव कुमार ने बताया है कि मकान मालिक ने ही घटना की सूचना पुलिस को दी थी।
एसीपी गौरव कुमार ने बताया कि फिलहाल को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटा लिए हैं। उन्होंने कहा है कि पुलिस इस मामले में आत्महत्या और हत्या दोनों पहलुओं से जांच कर रही है। हालांकि, मौके पर युवक के दाहिने हाथ में पिस्टल था, इससे लग रहा है कि उसने खुद को गोली मारकर आत्महत्या की है। पुलिस युवक के ऊपर मानसिक तनाव और अन्य समस्याओं को लेकर भी मामले की छानबीन में जुटी है।04:55 PM
(खबर अपडेट की जा रही है....)