
Uttar Pradesh Politics News: वाराणसी में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने चुनाव आयोग के इस्तीफे की मांग कर रहे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा है। उन्होंने राहुल गांधी पर समाज में जहर फैलाने और घुसपैठियों को बचाने का आरोप लगाया। नितिन नबीन ने कहा कि उसी चुनाव आयोग ने केरल और तमिलनाडु में भी चुनाव कराए, जहां राहुल गांधी की पार्टी सत्ता में आई। उन्होंने कहा कि अगर राहुल गांधी में हिम्मत है तो उन्हें पहले इस्तीफा देना चाहिए, क्योंकि जनता उनके खेल को पूरी तरह देख रही है।
नितिन नवीन ने महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में Gen-Z स्टूडेंट्स से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं को अलग-अलग पीढ़ियों के नाम पर बांटने पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि देश युवाओं का था और आज भी युवाओं का है। नितिन नवीन ने कहा कि हम युवाओं को बांट क्यों रहे हैं? पहले भी टीनएजर होते थे। ऐसे में कोई उन्हें अल्फा, बीटा, गामा में न बांटे। हमारा देश युवाओं का देश था और है। हम विदेश से आए घुसपैठियों को भारत के युवाओं का हक नहीं देंगे।"
नितिन नवीन ने उत्तर प्रदेश में हो रहे विकास का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पहले यूपी का नाम आने पर माफिया और हत्या की चर्चा होती थी, लेकिन अब एक्सप्रेस-वे और डिफेंस कॉरिडोर की बात होती है। उन्होंने कहा कि डिफेंस कॉरिडोर में 40 प्रतिशत रोजगार यूपी के युवाओं को मिल रहा है।
नितिन नवीन ने कहा कि भारतीय होने पर गर्व होना चाहिए और जिस जगह के लोग हैं, वहां के लोगों को पहले फायदा मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों को बिहार में और यूपी के लोगों को यूपी में लाभ मिलना चाहिए। नितिन नवीन ने कहा कि लेकिन विदेश से आए हुए घुसपैठियों को भारत के युवाओं का हक नहीं देंगे।
भाजपा अध्यक्ष ने अपने अमेरिका दौरे का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वह साल 2013 में अमेरिका गए थे। वहां कुछ लोगों ने उनसे कहा था कि भारत में हर दिन कोई न कोई घोटाला सामने आता है। नितिन नवीन ने कहा कि पिछले 12 साल से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार है और विपक्ष एक भी घोटाले का आरोप नहीं लगा पाया है। उन्होंने कहा कि डेवलपमेंट के मामले में भी कोई सरकार उनके सामने खड़ी नहीं हो सकती। उन्होंने युवाओं से कहा कि उन्हें समझना चाहिए कि नया भारत किस दिशा में आगे बढ़ रहा है।
नितिन नवीन ने कहा कि पहले युवा अपनी ऊर्जा का गलत दिशा में इस्तेमाल करते थे, लेकिन अब स्थिति बदल रही है। उन्होंने कहा कि देश में लीगल स्टडी को बढ़ावा दिया जा रहा है और लॉ स्कूल खुल रहे हैं। लॉ की पढ़ाई करने वाले युवाओं के लिए आगे बढ़ने और अपना भविष्य बनाने के अवसर हैं।