
वाराणसी. बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह के युवा उद्घोष के आयोजन के चलते खराब हुए महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ खेल मैदान को कांग्रेस ने मुद्दा बना लिया है। युवा उद्घोष के अगले दिन जहां पार्टी के वरिष्ठ नेता मैदान के गड्ढ़ों को पाटने के लिए पहुंचे थे तो दूसरे दिन यानी सोमवार को राष्ट्रीय छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर सत्याग्रह शुरू कर दिया। उनका आरोप है कि शैक्षणिक संस्था को सियासी अखाड़ा बना कर विश्वविद्यालय प्रशासन ने मैदान को बर्बाद कर दिया है। मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष की सुरक्षा के लिए ऐसी बैरिकेडिंग की गई कि पूरे मैदान में जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। उन्होंने इसके लिए जहां विद्यापीठ प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया वहीं इसके बीजेपी को भी समान रूप से कोसा।
सत्याग्रह पर बैठे एनएसयूआई कार्यकर्ताओं व नेताओं ने काशी के युवाओं के प्रति आभार भी जताया कि उन्होंने यह साबित कर दिया कि युवाओं को कोई ज्यादा दिनों तक बरगला नहीं सकता। झूठे प्रलोभनों के चक्कर में युवा नहीं आने वाले। यही कारण था कि अमित शाह के युवा उद्घोष कार्यक्रम में महज बीजेपी के ही कार्यकर्ता जुटे, नतीजा यह कि अधिकांश कुर्सियां खाली रह गईं तो वहां पुलिस और पीएसी के जवानों को बिठाना पड़ा। उन्होंने कहा कि यह काशी के युवा हैं एक बार पीएम नरेंद्र मोदी के बहकावे में आ चुके है। हर बार उसकी पुनरावृत्ति नहीं होने वाली।
एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने विद्यापीठ प्रशासन के मैदान में बालू गिराने और बालू से गड्ढों को भरने का भी विरोध किया। कहा यह खेल मैदान है यहां अगर बालू ही बालू होगा तो खिलाड़ी दौड़ेंगे कहां। खेल मैदान मिट्टी से बनता है न कि बालू से। कार्यकर्ताओं ने मैदान में बालू गिराने की कार्रवाई तत्काल प्रभाव से रोकने की मांग भी की। उन्होंने कहा कि बीजेपी जब भी प्रदेश की सत्ता में आती है तो विद्यापीठ के खेल मैदान का सत्ता के दबाव में दुरूपयोग शुरू हो जाता है। पंद्रह साल पहले भी बर्बाद किये गए मैदान को भारी व्यय से ठीक कराया गया। उसी वक्त यह तय हुआ कि अब इस खेल मैदान में सिर्फ और सिर्फ खेल होगा, इसे किसी राजनीतिक कार्यक्रम के लिए नहीं दिया जाएगा। ऐसा हुआ भी, यहां तक कि पंजाबी दशहरा मेला तक की इजाजत नहीं दी गई। लेकिन तब काशी की जनता और अन्य राजनीतिक दलों ने भी इसका विरोध नहीं किया। लेकिन बीजेपी सरकार आते ही यह सिलसिला फिर शुरू हो गया जिसकी हभ निंदा। करते हैं।
सत्याग्रह में एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष विकास सिंह, पूर्व महामंत्री विकास सिंह एवं राहुल राज, पूर्व उपाध्यक्ष पूर्व उपाध्यक्ष विश्वनाथ कुंवर, आदिल जी, राज कुमार, सूरज, अजय सेठ, सौरभ मिश्रा, प्रीत, तौसीफ रजा,अजीत, आशीष केसरी, विजय उपाध्याय सहित दर्जनों छात्र शामिल थे।