
UP Politics News: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव का बुगुल फूंका जा चुका है। सभी राजनीतिक पार्टियों ने इस चुनाव के लिए अपनी-अपनी कमर कस ली है। वहीं, अपना दल (कमेरावादी) ने भी वाराणसी से 'रोजगार एवं भागीदारी यात्रा' का शुभारंभ कर दिया है। वहीं, सिराथू विधानसभा से समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव जीतने वाली अपना दल (कमेरावादी) की नेता पल्लवी पटेल ने टिकट बंटवारे को लेकर सपा और कांग्रेस में चल रही खिंचतान से किनारा कर लिया है। उन्होंने कहा है कि दोनों ही पार्टियों सक्षम है और सभी एक ही दिशा में आगे बढ़कर काम कर रहे हैं। इस समय विपक्ष का एजेंडा केवल और केवल सत्ता पक्ष को उखाड़ कर बाहर फेंकना है।
वाराणसी के सारनाथ इलाके से महाराजा सुहेलदेव राजभर को माल्यार्पण कर पल्लवी पटेल ने अपनी रोजगार एवं भागीदारी यात्रा का शुभारंभ किया। इस दौरान बाइक रैली के जरिए उन्होंने अपनी यात्रा की शुरुआत की। हालांकि, इस यात्रा में सबसे बड़ी बात यह रही कि स्वयं विधायक पल्लवी पटेल ही बिना हेलमेट के नजर आई और यातायात के नियम की जमकर धज्जियां उड़ाई गई। सिर्फ पल्लवी पटेल ही नहीं बल्कि उनके कई समर्थक भी इस बाइक यात्रा में बिना हेलमेट पहने नजर आए। वहीं, उनकी इस यात्रा का शुभारंभ राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल ने हरी झंडी दिखाकर किया।
वाराणसी में सिराथू विधायक पल्लवी पटेल ने एक बार फिर इशारा दिया है कि वह फिर से सिराथू विधानसभा से ही चुनाव लड़ेंगी। उन्होंने कहा कि सिराथू विधानसभा ने पल्लवी पटेल को वजूद दिया है, जिससे पल्लवी पटेल को पूरा उत्तर प्रदेश जानता है। उन्होंने कहा कि एक बार फिर से वह सिराथू की जनता के आगे नतमस्तक होते हुए इस सीट से अपनी भागीदारी तय करेगी। वहीं, पल्लवी पटेल ने गठबंधन में चुनाव लड़ने पर कहा है कि दो धाराओं में बट कर चुनाव लड़ा जा रहा है या तो इस तरफ या फिर उस तरफ। उन्होंने कहा कि जिस तरह से बीजेपी ने अमृत काल का सपना दिखाया था, यदि उसे हटाना है तो निश्चित ही उसके खिलाफ एकजुट होकर लड़ना होगा।
पल्लवी ने कहा है कि 2022 में गठबंधन में लड़कर उन्होंने और उनकी पार्टी ने पहले से 12 प्रतिशत ज्यादा वोट हासिल किया और निश्चित तौर पर 2022 से लेकर 2027 तक वह इस गठबंधन में रहकर सड़कों पर काम करते दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा है कि इसी का परिणाम है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी का सत्ता में आना इतना आसान नहीं होगा। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा है कि वह उस ताकत के साथ हैं, जो 2027 चुनाव में बीजेपी को हराने का वजूद रखती है। उन्होंने कहा है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में अपना दल (कमेरावादी) बीजेपी के समक्ष कड़ाई से चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर चुकी है।