पत्रकार के भाई को भी मारी गोली, गंभीर हालत में वाराणसी रेफर
गाजीपुर. यूपी में कानून व्यवस्था बेहतर करने का योगी सरकार का दावा पूरी तरह फेल नजर आ रहा है। प्रदेश में आये दिन हत्या की वारदात को अंजाम दिया जा रहा है। गाजीपुर के करंडा थाना क्षेत्र के ब्राह्मणपुरा गांव में आरएसएस कार्यकर्ता और ब्लॉक को- ऑर्डिनेटर राजेश मिश्रा की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
यह भी पढ़ें:
मिली जानकारी के अनुसार आरएसएस कार्यकर्ता और स्थानीय पत्रकार राजेश मिश्रा शनिवार सुबह गांव में अपने दुकान पर बैठे थे, इसी दौरान बाइक पर सवार होकर आए अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी। गोलीबारी की आवाज सुनकर राजेश के भाई अमृतेश मिश्रा जब बाहर निकले, तब अपराधियों ने उन पर भी फायरिंग कर दी। राजेश मिश्रा के पेट और सीने में गोली लगी। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने राजेश मिश्रा को मृत घोषित कर दिया और उनके भाई की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार अपराधी दोनों हाथों में हथियार लिये हुए थे। वहीं घटना की जानकारी होने के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोग सड़क पर उतर आये और सड़क को जाम कर दिया। लोगों ने प्रशासन के खिलाफ भी नारेबाजी की।
आरएसएस कार्यकर्ता राजेश मिश्र हाल ही में स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज मैनपुर में एक सप्ताह का आरएसएस कैंप लगाया था और लोगों से दीपावली के मौके पर डोर टू डोर कैंपेन मुलाकात भी की थी। राजेश मिश्रा स्थानीय दैनिक अखबार से भी जुड़े थे और लोगों के बीच उनकी अच्छी छवि थी।