
Siberian Birds In Varanasi: काशी में ठंड की शुरुआत हो चुकी है। ऐसे में दूर दराज से पर्यटक काशी में गंगा घाटों का नजारा देखने के लिए पहुंचते हैं। वहीं, सात समंदर पार से भी एक खास मेहमान काशी में पहुंचते हैं और यहां की खूबसूरती में चार चांद लगा देते हैं। गंगा घाटों पर सूर्य की पहली किरण के साथ ही ये विशेष मेहमान गंगा की लहरों पर अटखेलियां करते नजर आते हैं। ये विशेष मेहमान साइबेरियन पक्षी हैं, जो 4 हजार किलोमीटर का सफर तय करके काशी पहुंचते हैं और पूरे ठंड के मौसम तक यहां गंगा नदी के किनारे निवास करते हैं और घाटों की खूबसूरती में भी चार चांद लगाते हैं।
प्रत्येक साल ठंड की शुरुआत होने के साथ ही साइबेरियन पक्षी भारत का रुख करते हैं। ऐसे में ये पक्षी विभिन्न क्षेत्रों और इलाकों में नदी के किनारे वास करते हैं। वाराणसी में गंगा नदी में भी यह पक्षी पहुंच चुके हैं और आसमान में झुंड बनाकर उड़ते हुए नजर आ रहे हैं। सफेद शरीर, नंगी चोंच और पैरों वाले ये पक्षी अपनी तरफ काशी पहुंचने वाले पर्यटकों को आकर्षित कर रहे हैं। बताया जाता है कि साइबेरिया में सर्दियों में -60 डिग्री तक तापमान पहुंच जाता है। इसी ठंड से बचने के लिए ये पक्षी भारत का रुख कर लेते हैं। इन्हें गर्म इलाके पसंद होते हैं, यही वजह है कि यह कई देशों से होते हुए भारत के विभिन्न राज्यों और इलाकों में पहुंचते हैं।
पक्षी विशेषज्ञ प्रोफेसर चंदना हलदार ने बताया कि भारत से साइबेरिया 4 हजार किलोमीटर से ज्यादा दूर है। ये पक्षी इतनी दूरी तय करके भारत आते हैं। रास्ते में इन्हें यूरोप के कई देशों को पार करना होता है। इसके बाद अफगानिस्तान, चीन, मंगोलिया, भूटान और पाकिस्तान के रास्ते ये भारत में दाखिल होते हैं। यह सिर्फ काशी ही नहीं बल्कि प्रयागराज समेत अन्य कई जिलों में निवास करते हैं। हालांकि इतनी लंबी दूरी तय करने में इन्हें कई बार चुनौतियों का सामना करना पड़ता है, फिर भी उनके इरादे बदलते नहीं हैं।
उन्होंने बताया कि काशी में प्रवास के दौरान गंगा की लहरों पर अटखेलियां करना इन्हें पसंद होता है और ये हमेशा झुंड बनाकर ही रहते हैं। इसके साथ ही गंगा के उस पार रेत वाले इलाके में ये प्रजनन करते हैं और जब ठंड की समाप्ति होती है, तो यह वापस अपने देश के लिए विदा हो जाते हैं। उन्होंने बताया कि प्रजनन के लिए काशी और प्रयागराज जैसे जिले मौसम के अनुकूल होते हैं। इसलिए ये यहां पहुंचते हैं। हालांकि अपेक्षा के अनुरूप इनकी संख्या अभी कम बनी हुई है। यह संभव है कि ठंड के बढ़ने के साथ ही ये बड़ी मात्रा में यहां पहुंचेंगे।
उन्होंने बताया कि ये पक्षी काशी तो पहुंचते हैं, लेकिन काशी में भी यह सुरक्षित नहीं रहते। अक्सर यहां आने वाले पर्यटक और स्थानीय लोग इन्हें ब्रेड, नमकीन और लाई जैसे पदार्थ खिलाते हैं, जो इनके लिए नुकसानदायक साबित होता है। दूसरी तरफ गंगा में प्रदूषण का भी खतरा बना रहता है, इसकी वजह से भी इन्हे काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। करीब 2 प्रतिशत परिंदे ऐसे होते हैं, जो साइबेरिया से काशी तो पहुंच जाते हैं, लेकिन काशी से वे वापस नहीं जाते और उनकी मौत हो जाती है। हालांकि इस दौरान प्रजनन के बाद जन्मे छोटे बच्चों के साथ बचे हुए परिंदे वापस लौटते हैं, जो मौत वाली कमी को भी पूरी कर देता है।