
MLC Election UP: उत्तर प्रदेश में शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए मतदान की शुरुआत हो चुकी है। मतदाता अपना जनप्रतिनिधि चुनने के लिए मतदान कर रहे हैं। वहीं, वाराणसी खंड स्नातक और शिक्षक विधानसभा परिषद चुनाव के लिए भी वोटिंग जारी है। दोनों निर्वाचन क्षेत्र के 74,840 मतदाता 21 मतदान केंद्रों पर 102 बूथ में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 66,952 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 7,888 मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे। स्नातक के 73 मूल बूथों के साथ आठ सहायक बूथ भी बनाए गए हैं। वहीं, शिक्षक के लिए 21 बूथ निर्धारित किए गए हैं। यह मतदान सुबह 8 बजे से शुरू हो चुका है और शाम 4 बजे तक मताधिकार का प्रयोग किया जा सकेगा।
वाराणसी खंड में स्नातक और शिक्षक दोनों सीटों के लिए कुल 34 प्रत्याशियों ने नामांकन किया था और इन प्रत्याशियों की किस्मत मत पेटिका में बंद हो जाएगी। स्नातक सीट पर 24 और शिक्षक सीट पर 10 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। स्नातक में समाजवादी पार्टी के निवर्तमान एमएलसी आशुतोष सिन्हा और बीजेपी के पूर्व एमएलसी केदारनाथ सिंह के बीच कड़ी टक्कर होने की उम्मीद है। वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के निवर्तमान एमएलसी लाल बिहारी यादव, बीजेपी के डॉ. प्रमोद कुमार मिश्रा और पूर्व एमएलसी चेतनारायण सिंह के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है। नाम वापसी के अंतिम दिन तक किसी भी प्रत्याशी ने अपना नामांकन वापस नहीं लिया।
वाराणसी खंड का चुनाव सिर्फ वाराणसी तक ही सीमित नहीं है। इसमें वाराणसी, चंदौली, जौनपुर, गाजीपुर, मिर्जापुर, सोनभद्र, भदोही और बलिया जिला भी शामिल है। पूरे निर्वाचन क्षेत्र में स्नातक के करीब 2.88 लाख और शिक्षक के करीब 34,900 मतदाता हैं। 8 जिलों में स्नातक के लिए 257 और शिक्षक के लिए 112 बूथ बनाए गए हैं। इन सभी जिलों को मिलाकर देखें तो करीब 3.3 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। इस चुनाव में विधानसभा चुनाव की तरह प्रत्याशी के नाम के सामने मुहर नहीं लगानी होती। मतदाता को मत पत्र में अपनी पहली पसंद के लिए प्रत्याशी के सामने '1' लिखना पड़ता है।
वहीं, दूसरी तीसरी और अन्य वरीयता के लिए क्रमवार दर्ज किया जा सकता है। इसके लिए मतदान केंद्र पर उपलब्ध कराए जाने वाले निर्धारित स्केच पेन का ही इस्तेमाल किया जाएगा। किसी प्रत्याशी के सामने एक से अधिक अंक लिखने या एक ही अंक को दो प्रत्याशियों के सामने लिखने पर मत पत्र अमान्य हो जाएगा। शुक्रवार को मतदान के बाद इस चुनाव की मतगणना 27 अक्टूबर को की जाएगी। पहाड़िया मंडी में सुबह 8 बजे से इसकी गिनती शुरू होगी। इसी के साथ वाराणसी खंड की दोनों एमएलसी सीटों पर जिसे जीत मिलेगी जिसका नाम सार्वजनिक किया जाएगा।