
UP Politics News:उत्तर प्रदेश में एमएलसी चुनाव की प्रक्रिया जारी है। इसी बीच वाराणसी के जिला मुख्यालय पर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष मायावती का एक पोस्टर वायरल हो रहा है। यह पोस्टर जिलाधिकारी गेट के ठीक बगल में लगाया गया है, जिसमें मायावती को मां दुर्गा के स्वरूप में दर्शाया गया है। बताया जा रहा है कि यह पोस्टर बसपा के एक कार्यकर्ता द्वारा लगाया गया है, जिसमें 2027 के विधानसभा चुनाव में बसपा को भारी मतों से विजयी बनाकर बसपा सुप्रीमो को उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री बनाने की अपील की गई है।
उत्तर प्रदेश में एमएलसी चुनाव की मतगणना के बीच 2027 के विधानसभा चुनाव की सुगबुगाहट तेज हो गई है। इसी बीच वाराणसी में बसपा सुप्रीमो मायावती का मां दुर्गा स्वरूप वाला एक पोस्टर चर्चा का विषय बना हुआ है। पोस्टर में मायावती को 10 हाथों में दिखाया गया है, जिनमें से आठ हाथों में जनमानस से जुड़ी चीजें दर्शाई गई हैं। पोस्टर बसपा कार्यकर्ता आशुतोष पाठक की ओर से लगाए जाने की बात सामने आ रही है, जिसमें आशुतोष पाठक ने मायावती को मुख्यमंत्री बनाने की अपील कर दी है।
पोस्टर में मायावती के एक हाथ में संविधान की किताब दिखाई गई है, जिसमें सम्मान और न्याय की बात लिखी गई है। वहीं दूसरे हाथ में लोकतंत्र के चौथे स्तंभ मीडिया को दर्शाया गया है, जिसे सच की आवाज के रूप में दिखाया गया है। वही शिक्षा, जनहित, न्याय, स्वास्थ्य, किसान और उद्योग को लेकर विभिन्न हाथों में अलग-अलग तरह की तस्वीर बनाई गई है। सबसे बड़ी बात यह है कि यह पोस्टर वाराणसी के जिला मुख्यालय स्थित जिलाधिकारी कार्यालय के ठीक दाहिने तरफ लगाया गया है।
पोस्ट पर आशुतोष पाठक ने ऊपरी हिस्से में लिखा है, 'मां दुर्गा स्वरूप मैया मायावती जी।' वहीं, पोस्ट के निचले हिस्से में लिखा है, 'मैया मायावती जी को उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री बनाने की इच्छा, उत्तर प्रदेश को साफ, सुरक्षित और शिक्षित बनाने की इच्छा।' जिला मुख्यालय पर लगाया गया यह पोस्टर अब कौतूहल का विषय बन चुका है। इस पोस्ट को लेकर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। वहीं, राजनीतिक विवाद भी बढ़ाने की आशंका जताई जा रही है।