
Varanasi News: उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में मर्डर और सुसाइड किए जाने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बाबतपुर स्थित एक होटल के कमरे में सोमवार की देर रात एक युवक और युवती के शव बरामद हुए हैं। बताया जा रहा है कि युवती मृतक युवक के बड़े भाई की साली थी। युवती का शव बाथरूम से बरामद हुआ है, जबकि युवक का शव पंखे से लटका मिला। युवती के गले पर धारदार हथियार से काटे जाने के निशान भी मिले हैं। घटना की जानकारी होने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आशंका जताई है कि पहले युवक ने युवती की हत्या की और फिर बाद में खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि, इस मामले में विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, बड़ागांव थाना क्षेत्र के बाबतपुर इलाके में स्थित केजे इंटरनेशनल होटल में युवक और युवती के शव बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, युवक का नाम विकास केसरी है जो बीएलडब्ल्यू पहाड़ी गेट का रहने वाला था। वहीं युवती की पहचान बड़ागांव बसनी की रहने वाली 23 वर्षीय प्रिया केसरी के रूप में हुई है। होटल के स्टाफ के मुताबिक, दोनों एक साथ होटल पहुंचे थे और विकास ने प्रिया को अपना रिश्तेदार बात कर कमरा बुक कराया था। बताया जा रहा है कि दोनों का एक दूसरे से काफी लंबे समय से प्रेम प्रसंग था। प्रिया विकास के बड़े भाई की साली बताई जा रही है।
कमरे में जाने के बाद काफी देर तक जब दोनों बाहर नहीं निकले तो होटल के कर्मचारियों को शक हुआ, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना देने के बाद कमरे का दरवाजा खोला। इस दौरान मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि विकास पंखे के सहारे झूल रहा था। वहीं प्रिया का शव बाथरूम में खून से लथपथ बरामद हुआ। पुलिस की सूचना के बाद फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से सबूत इकट्ठा किया। वहीं पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और पूरे मामले की जानकारी परिजनों को भी दे दी।
थानाध्यक्ष पंकज पांडे ने बताया कि प्राथमिक जांच में इस बात की जानकारी मिली है कि युवती की शादी कहीं और तय हो गई थी, जबकि युवक का उसे लंबे समय से प्रेम प्रसंग था। उन्होंने बताया की आशंका जताई जा रही है कि दोनों एक दूसरे से मिलने के लिए होटल के कमरे में पहुंचे और यहां किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद विकास ने प्रिया का गला काट दिया। प्रिया की मौत होने के बाद उसने खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उन्होंने बताया है कि फिलहाल पूरे मामले की गहनता और विभिन्न पहलूओं से जांच की जा रही है।