वाराणसी

Yogi Adityanath Varanasi Visit: ‘तीन बार चाय वाले आए, 2027 में फिर आएंगे गाय वाले’, वाराणसी में सीएम योगी के समर्थन में लगा पोस्टर

Poster Of CM Yogi In Varanasi : वाराणसी के सुस्वाही और सर्किट हाउस में लगाया गया मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का एक पोस्टर चर्चा का विषय बना हुआ है।
2 min read
Jul 07, 2026
Varanasi news
Pc- Patrika

Yogi Adityanath Poster : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने दो दिवसीय दौरे पर मंगलवार को वाराणसी पहुंच रहे हैं। इससे पहले बीजेपी के कार्यकर्ता द्वारा लगाए गए एक पोस्टर ने यहां की राजनीतिक सरगर्मी को बढ़ा दिया है। वाराणसी के सुस्वाही और सर्किट हाउस में लगाया पोस्टर चर्चा का विषय बना हुआ है। पोस्टर पर मिशन 2027 के तहत मैसेज लिखा हुआ है और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक बार फिर से सीएम बनाने की बात भी पोस्टर पर लिखी गई है।

क्या है पोस्टर में

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार की शाम वाराणसी पहुंचने वाले हैं। इससे पहले वाराणसी के विभिन्न इलाकों में लगा उनका एक पोस्टर चर्चा का विषय बना हुआ है। इस पोस्टर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के फोटो के साथ बुलडोजर भी लगाया गया है, जिस पर लिखा है, "अपराधियों को मिट्टी में मिलाएंगे।" इसके साथ ही मुख्यमंत्री के एक दो नहीं बल्कि कई हाथ बनाए गए हैं, जिनमें भगवत गीता, जीरो टॉलरेंस, बहन बेटियों की रक्षा और 24X7 सुरक्षा इत्यादि के मैसेज लिखे हुए हैं।

वहीं, पोस्टर पर मिशन 2027 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीन बार के कार्यकाल को लेकर भी मैसेज लिखा गया है। बीजेपी नेता दीपक सिंह राजवीर ने इस पोस्टर को लगवाते हुए लिखा, "तीन बार आए चाय वाले, 2014, 19, 24 2027 में तीसरी बार आएंगे गाय वाले।" इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथ में केतली और चाय दिखाया गया है। पोस्टर में सबसे नीचे 'योगी जी को 2017 में फिर से सीएम बनाना है' लिखा है। पोस्टर के सामने आने के बाद बनारस में एक बार फिर से 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीति गर्म हो गई है।

क्या बोले बीजेपी नेता

बीजेपी नेता राजवीर सिंह ने बताया कि इस पोस्टर के माध्यम से प्रदेश की जनता को स्पष्ट संदेश देना है कि भाजपा के शासनकाल में ही बहन बेटियों और गाय की सुरक्षा हो सकती है। उन्होंने बताया कि जिस तरह से अपराधियों के सीने पर चढ़कर बुलडोजर गरज रहा है, प्रदेश के अपराधी सहमे हुए हैं और अपराध छोड़कर समाज के साथ मुख्य धारा में जुड़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश की जनता भी यही चाहती है कि योगी आदित्यनाथ तीसरी बार प्रदेश के मुख्यमंत्री बनें। प्रदेश की जनता बीजेपी के साथ है और विपक्ष को पूरी तरीके से नकार रही है। गौरतलब है कि इससे पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के जन्मदिन पर उनके समर्थकों ने भगवान श्री कृष्ण के रूप में और भगवान राम के रूप में उन्हें दिखाया था और पोस्टर जारी किए थे।

Updated on:
07 Jul 2026 01:01 pm
Published on:
07 Jul 2026 12:59 pm