
Pc- Patrika
Poster On Ram Mandir controversy : अयोध्या स्थित भगवान श्री राम के मंदिर में कथित चंदा चोरी विवाद ने यूपी में सियासी सरगर्मियों को बढ़ा दिया है। ऐसे में समाजवादी पार्टी लगातार बीजेपी पर हावी है और प्रदेश सरकार को घेरने की कोशिश में लगी हुई है। वहीं, वाराणसी में विभिन्न स्थानों पर लगाए गए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के पोस्टर ने पूरे विवाद को गर्म हवा दे दी है। इस पोस्टर में अखिलेश यादव धनुष और बाण लिए दिखाई दे रहे हैं।
वाराणसी के विभिन्न स्थानों पर अखिलेश यादव का एक पोस्टर लगाया गया है, जिसमें 'चंदा चोरों' पर जुबानी हमले किए गए हैं। शहर के विभिन्न हिस्सों में लगे होर्डिंग और पोस्टर में लिखा है कि 'राम मंदिर में जो चोरी करेगा, अखिलेश यादव का धनुष उसे धराशाही करेगा'। बताया जा रहा है कि यह पोस्टर सपा नेता मनोज यादव उर्फ गोलू की तरफ से लगाया गया है। इसमें दिवंगत उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का भी तस्वीर भी लगी हुई है। वहीं, अखिलेश यादव के बैकग्राउंड में राम मंदिर को दर्शाया गया है।
समाजवादी पार्टी की तरफ से लगाए गए इस पोस्टर के बाद काशी में यह चर्चा का विषय बना हुआ है। शहर के लहुराबीर चौराहे से कचहरी तक करीब दर्जनों स्थानों पर इस पोस्टर को लगाया गया है, जिसमें अखिलेश यादव धनुष बाण के साथ दिखाई दे रहे हैं। इसके साथ ही पोस्टर में अखिलेश यादव को जन्मदिन की शुभकामनाएं भी दी गई हैं। इस पोस्टर ने राजनीतिक संदेश के बाद राहगीरों का ध्यान भी अपनी ओर खींचा है।
पोस्टर को लगाने वाले मनोज यादव और शुभम यादव ने बताया कि इस पोस्टर को उन लोगों ने ही लगाया है। उन्होंने कहा कि इसके पीछे मकसद है कि जिस तरह से सनातन की संस्कृति के साथ और धर्म के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है, ऐसे में समाजवादी पार्टी की सरकार बनते ही इनके मंसूबों पर पानी फेर दिया जाएगा। सपा नेताओं ने कहा कि उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव लगातार विपक्ष की भूमिका में मजबूती से नजर आ रहे हैं और सरकार को घेरने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार इसी वजह से झुकी है और मामले में जांच और एफआईआर दर्ज की गई है।
Updated on:
01 Jul 2026 09:29 am
Published on:
01 Jul 2026 09:28 am
