
निरीक्षण करते पुलिस आयुक्त, Pc-Patrika
Shree Kashi Vishwanath Temple in Varanasi : वाराणसी में सावन में श्री काशी विश्वनाथ धाम में महाकुंभ जैसी अभेद सुरक्षा रहेगी। इसको लेकर पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने तैयारी पूरी कर ली है। बताया जा रहा है की सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस के अलावा अर्धसैनिक बल और एटीएस की भी तैनाती की जाएगी, ताकि किसी भी विषम परिस्थितियों से निपटा जा सके। इसके साथ ही धाम के कोने-कोने पर सीसीटीवी और ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी। पुलिस कमिश्नर ने बताया है कि सावन में किसी भी प्रकार से वीआईपी दर्शन की व्यवस्था नहीं रहेगी, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना करना पड़े।
पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सावन में लाखों की संख्या में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रखी जाए। उन्होंने दर्शनार्थियों को गेट संख्या चार से जिग जैक बैरिकेडिंग से नियंत्रित करते हुए मंदिर में प्रवेश कराने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया है।
पुलिस कमिश्नर ने कहा है कि सामान्य दिनों में बाबा विश्वनाथ के मंदिर में पहुंचने वाले मार्गों को खुला रखा जाए, ताकि व्यापारिक गतिविधियों पर किसी तरह का असर न पड़े। केवल विशेष पर्व और अत्यधिक भीड़ वाले दिन ही बैरिकेडिंग लगाई जाए। उन्होंने बताया कि सावन में लाखों की संख्या में श्रद्धालु श्री काशी विश्वनाथ धाम में जलाभिषेक करने के लिए काशी पहुंचते हैं। ऐसे में किसी भी प्रकार से पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं के साथ दुर्व्यवहार न करें। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि ऐसा करने की शिकायत मिलती है तो संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के साथ ही लोगों को दर्शन के बाद मंदिर, चौक क्षेत्र में भ्रमण, खरीदारी और स्थानीय व्यंजनों का आनंद लेने के लिए सुरक्षित माहौल मिलेगा। उन्होंने पार्किंग स्थलों को मंदिर क्षेत्र से अधिकतम 500 मीटर से 1 किलोमीटर की दूरी के भीतर तय करने के निर्देश दिए हैं। इससे दर्शनार्थियों को पैदल नहीं चलना पड़ेगा। उन्होंने निर्देशित किया है कि सावन की सभी तैयारियां महाकुंभ स्तर के अनुरूप ही होनी चाहिए।
पुलिस कमिश्नर ने संभावित भीड़ वाली जगह पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के भी निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि पूरे सावन माह के दौरान मंदिर क्षेत्र और प्रमुख मार्गों पर निगरानी रखी जाए सीसीटीवी कैमरा और ड्रोन तकनीक का उपयोग करते हुए श्रद्धालुओं में सुरक्षा की भावना जगाई जाए। उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर के अंदर सादे कपड़ों में पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार से अवांछनीय तत्वों से श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना न करना पड़े।
Updated on:
30 Jun 2026 08:23 am
Published on:
30 Jun 2026 08:23 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
