
फाइल फोटो, Pc- Patrika
Monsoon In Varanasi : वाराणसी में अभी तक मानसून ने दस्तक नहीं दी है। यहां दो दिनों से आसमान में बादल छाए हुए हैं, लेकिन बारिश नहीं हुई है। हालांकि, तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन फिर भी उमस से लोगों को राहत नहीं मिली है। बता दें कि मंगलवार को मानसून चंदौली में 25 किलोमीटर दूर तक पहुंच गया है और उम्मीद है कि काशी में एक-दो दिनों में जल्द ही अच्छी बारिश हो सकती है। हालांकि, मौसम विशेषज्ञ की मानें तो जुलाई में भारी बारिश के संकेत मिले हैं।
काशी में पिछले दो दिनों से बादलों ने डेरा डाल रखा है, लेकिन मंगलवार को भी बारिश नहीं होने से गर्मी और उमस से लोग परेशान दिखे। हालांकि, मौसम विभाग की मानें तो बुधवार को दिन या रात में मानसून दस्तक दे सकता है और इसके लिए ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। मौसम विभाग विभाग ने मानसून मैप जारी करते हुए बताया है कि सोनभद्र के रास्ते मानसून काशी पहुंच रहा है। हालांकि, मंगलवार को पूरे दिन बादल मंडराते रहे। इस दौरान काशी का तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस नीचे आ गया। इस दौरान पुरवा हवा भी 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बह रही थी।
मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ अतुल कुमार सिंह ने बताया है कि काशी में बुधवार को मानसून दस्तक दे सकता है। उन्होंने बताया कि जून में 6.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। इसके साथ ही वाराणसी प्रदेश का सातवां और पूर्वांचल का चौथा सबसे कम बरसात वाला जिला बन गया है। उन्होंने बताया है कि संकेत मिले हैं कि जुलाई में वाराणसी और आसपास के जिलों में अच्छी बरसात हो सकती है। मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक, चंदौली में केवल 1 मिली मीटर, भदोही में 1.5 मिलीमीटर, जौनपुर में 5.6 मिली मीटर बारिश हुई है।
मौसम वैज्ञानिक की माने तो यूपी के 35 जिलों में औसत से थोड़ी कम बारिश हुई है, जबकि 28 जिले ऐसे हैं जहां काफी कम बारिश हुई है। वहीं, उत्तर प्रदेश के 11 जिलों में सामान्य बारिश हुई है। मौसम वैज्ञानिकों की माने तो जुलाई महीने में प्रदेश में अच्छी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही धान की बुवाई भी तेजी से हो सकेगी। मौसम वैज्ञानिकों के पूर्वानुमान के बाद लोगों ने उम्मीद जताई है कि जल्द ही मानसून दस्तक देगा और उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिलेगी।
Updated on:
01 Jul 2026 08:08 am
Published on:
01 Jul 2026 08:08 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
