वाराणसी

वाराणसी में कारोबारी को बदमाशों ने मारी गोली, रात भर इलाज के बाद तोड़ा दम, घायल अवस्था में बाइक चलाकर पहुंचे थे घर

Varanasi Crime News: वाराणसी में बाइक सवार दो बदमाशों ने एक कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी है। बताया जा रहा है कि कारोबारी अपना प्रतिष्ठान बंद करके घर जा रहे थे...

2 min read
Jun 09, 2026
crime scene
प्रतीकात्मक तस्वीर, सोर्स पत्रिका

Businessman shot dead in Varanasi :वाराणसी में बाइक सवार दो बदमाशों ने एक कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी है। बताया जा रहा है कि कारोबारी अपना प्रतिष्ठान बंद करके घर जा रहे थे। इसी दौरान उन्हें गोली मारी गई। वहीं, घायल अवस्था में बाइक लेकर कारोबारी अपने घर पहुंचे और परिजनों को जानकारी दी, जिसके बाद उन्हें परिजन निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। गोली लगने के कारण निजी अस्पताल ने उन्हें एडमिट नहीं किया। इसके बाद उन्हें ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। वहीं, रात भर चले इलाज के बाद सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया।

घर जाते समय मारी गई गोली

रोहनिया थाना क्षेत्र के सौरभ विहार के रहने वाले जितेंद्र कुमार पटेल की अमलेशपुर में दुकान है। प्रतिदिन की तरह दिनभर दुकान पर काम करने के बाद देर शाम वह अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान उनके घर के पास ही एक बाइक पर सवार होकर आए दो बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। इसके बाद वह घायल हो गए। वहीं, जितेंद्र को घायल अवस्था में परिजनों ने आनन फानन में निजी अस्पताल में पहुंचाया, लेकिन अस्पताल ने उनका इलाज करने से मना कर दिया, जिसके बाद उन्हें वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। वहीं, रात भर चले इलाज के बाद मंगलवार की सुबह उनकी मौत हो गई।

जितेंद्र की मौत की खबर सुनने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। जितेंद्र के बेटे अतुल और आयुष समेत उनकी पत्नी रेणु देवी का रो-रोकर बुरा हाल था। बताया जा रहा है कि जितेंद्र अपने तीन भाइयों में सबसे बड़े थे और लकी स्टोर्स नाम से दुकान चलाते थे। परिजनों ने बताया है कि उनकी किसी से दुश्मनी नहीं थी। वहीं, कॉलोनी के रहने वाले अन्य लोगों ने बताया कि वह काफी मिलनसार स्वभाव के थे और परिवार का दुकान के जरिए ही भरण पोषण किया करते थे।

क्या बोली पुलिस

वहीं, घटना की सूचना के बाद रोहनिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान कारोबारी ने मौत से पहले पुलिस के सामने अपना बयान भी दर्ज कराया है। पुलिस के मुताबिक, बाइक पर सवार होकर दो बदमाश आए थे, जिन्होंने अपना मुंह गमछे से बांध रखा था और उन्होंने कारोबारी को गोली मार दी, जिससे वह घायल गो गए। पुलिस ने बताया है कि अज्ञात हमलावरों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। पुलिस ने बताया है कि रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों कि गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही दोनों आरोपी गिरफ्तार किए जाएंगे।

Published on:
09 Jun 2026 12:27 pm