
Chhath Puja News: लोक आस्था का महापर्व 'छठ' नहाए खाए के साथ शुक्रवार से शुरू हो जाएगा। श्रद्धालु पूरे वर्ष इस त्यौहार का इंतजार करते हैं और धूमधाम से इस पर्व को मानते हैं। लोग दूर दराज से अपने पैतृक निवास पहुंचते हैं और भगवान भास्कर को अर्घ्य देते हैं, लेकिन वाराणसी में इस बार श्रद्धालुओं और छठ व्रतियों की मुसीबत बढ़ सकती है। गंगा के किनारे 70 से ज्यादा घाटों पर अभी भी हजारों टन सिल्ट जमा है और समय भी कम है, जिसके बाद नगर निगम की मुसीबत बढ़ गई है। निगम युद्ध स्तर पर सभी 84 घाटों पर मूलभूत सुविधाएं मुहैया करने का हर संभव प्रयास कर रहा है, लेकिन यह किसी चुनौती से कम नहीं है।
बुधवार को मेयर अशोक तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को छठ से पूर्व घाटों की साफ सफाई, बिजली की पर्याप्त व्यवस्था इत्यादि दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं, लेकिन सच्चाई तो यह है कि अभी भी सिल्ट, सीवर, अंधेरा और गंदगी घाटों पर देखने को मिल रही है। अधिकारियों ने निर्देश दिया है कि सभी घाटों पर सफाई, शौचालय, चेंजिंग रूम और लाइट की उचित व्यवस्था कराई जाए, लेकिन अभी तक यह सुविधा नदारद है।
दरअसल अभी भी घाटों पर पानी की पाइप के माध्यम से बाढ़ के बाद जमी सिल्ट को हटाने का कार्य किया जा रहा है, लेकिन कर्मचारियों की धीमी रफ्तार के कारण अभी भी कई घाट ऐसे हैं, जहां सीढ़ियां सिल्ट में डूबी हुई है। दशाश्वमेध घाट, मीर घाट, दरभंगा घाट पर भी सिल्ट जमा है। इसी तरह शहर के प्रमुख अस्सी घाट, तुलसी घाट, हरिश्चंद्र घाट, केदार घाट और अन्य घाटों पर भी गंदगी फैली हुई है। नगर निगम इन घाटों की सफाई तो कर रहा है, लेकिन रफ्तार को देखते हुए ऐसा लग रहा है कि इसमें समय लगेगा। हालांकि छठ पूजा कल से ही शुरू हो रही है, ऐसे में घाट किनारे बेदी बनाने वाले लोग 2 दिन पहले से ही पहुंचकर अपना स्थान घेर लेते हैं।
हालांकि, नगर निगम की टीम ने कई घाटों पर 100 से ज्यादा कर्मचारियों को युद्ध स्तर पर कार्य करने के लिए लगाया है। वाराणसी में सिर्फ गंगा के घाटों पर ही नहीं बल्कि गंगा नदी के उसे पर रेती में भी श्रद्धालु इस पर्व को मनाने पहुंचते हैं। मेयर अशोक कुमार तिवारी ने बताया है कि छठ पूजा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम की पूरी टीम सफाई और मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था में लगी हुई है। पूजा से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली जाएगी। इस कार्य के लिए जोनल अधिकारियों और नोडल अधिकारियों को नियुक्त किया गया है। हालांकि घाटों पर दिख रही अवस्था इस बात के संकेत देती है कि नगर निगम के कर्मचारी कार्य में लापरवाही बरत रहे हैं।