वाराणसी

‘ग्राउंड ही नहीं, फोन पर भी लड़ेंगे चुनाव’, वाराणसी में सोशल मीडिया कार्यशाला में पहुंचे विनोद तावड़े ने कार्यकर्ताओं को दिया मंत्र

Vinod Tawde in Varanasi: मिशन यूपी 2027 को लेकर के बीजेपी ने कमर कस ली है। इसी कड़ी में यूपी प्रभारी विनोद तावड़े कार्यकर्ताओं को बैठक के माध्यम से चुनाव में जीत का मंत्र दे रहे हैं...
2 min read
• •
Oct 02, 2026
Up Politics News
कार्यशाला में पहुंचे विनोद तावड़े, (Pc-Vijendra Mishra)

UP Politics News: मिशन यूपी 2027 को लेकर के बीजेपी ने कमर कस ली है। इसी कड़ी में यूपी प्रभारी विनोद तावड़े कार्यकर्ताओं को बैठक के माध्यम से चुनाव में जीत का मंत्र दे रहे हैं। वाराणसी में आयोजित सोशल मीडिया कार्यशाला में उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और बताया कि किस प्रकार सोशल मीडिया का सहारा लेकर यूपी चुनाव में जीत दर्ज करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा है कि विपक्ष द्वारा सोशल मीडिया पर फैलाई जा रहे नैरेटिव का 30 मिनट के भीतर जवाब देना है। इसके साथ ही एक बूथ 10 यूथ के तहत प्रत्येक बूथ पर कार्य करना है।

30 मिनट में काउंटर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचे विनोद तावड़े ने युवा कार्यकर्ताओं से संवाद किया। ऐसे कार्यकर्ता जो सोशल मीडिया पर अधिक एक्टिव हैं, उन्हें उन्होंने गुरु मंत्र दिया है। बैठक में तावड़े ने आईटी सेल को फेक न्यूज़ आर्मी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि समाजवादी पार्टी या उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव इसके साथ ही कांग्रेस नेता राहुल गांधी या विपक्ष के किसी भी तरह से नैरेटिव सेट करके कंटेंट ट्वीट या सोशल मीडिया पर डाला जाता है, तो 30 मिनट के अंदर उस पर काउंटर अटैक करना है। तावड़े के इस गुरु मंत्र से अब यह समझ में आ रहा है कि भाजपा ने 2024 की गलतियों से काफी कुछ सीखा है और अब नैरेटिव में नहीं फंसने वाली है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं को बताया कि सॉफ्ट और सरकारी एंगल से किस तरह से प्रदेश और देश की सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों को सोशल मीडिया पर वायरल करना है। सरकार द्वारा चलाई जा रही तमाम योजनाएं जिनमें गरीबों का राशन कार्ड बनाना, किसान सम्मान, एक्सप्रेस वे इत्यादि का रील और मीम बनाकर जन जन तक पहुंचाने की बात कही गई है। यही नहीं क्योंकि पूर्वांचल में भोजपुरी भाषा अत्यधिक लोकप्रिय है, इस वजह से यदि भोजपुरी भाषा में इसका प्रचार प्रसार किया जाए तो यह काफी हद तक जन जन तक पहुंचेगी।

बूथ से होगी जीत

उन्होंने कार्यकर्ताओं को स्पष्ट तौर पर संदेश दिया है कि सरकार की योजनाओं को रील के माध्यम से गांव-गांव और समाज के एक-एक व्यक्ति के मोबाइल तक पहुंचना है। यही नहीं प्रत्येक बूथ पर 10 यूथ की तैनाती होगी और सोशल मीडिया पर प्रचार प्रसार के अलावा यह यूथ उसे बूथ के वोटरों से भी मुलाकात करेंगे और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देंगे। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा है कि सरकार की योजना सिर्फ कागज तक ही सीमित नहीं है, जन-जन तक पहुंची है। इसलिए अब उसे योजना को एक बार फिर से डिजिटल माध्यम से लोगों तक पहुंचाने का समय है। तावड़े ने स्पष्ट तौर पर संदेश दिया है कि यदि बूथ जीत जाते हैं, तो उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव जीतना काफी आसान हो जाएगा।

Updated on:
02 Oct 2026 02:08 pm
Published on:
02 Oct 2026 02:08 pm