विदिशा

Vidisha Crime: मां घर लौटी तो कमरे में मृत मिली बेटी, युवक पर गंभीर आरोप

Woman Death Case: मृतका के पिता का आरोप- लंबे समय से प्रताड़ित कर रहा था युवक, पीड़िता की शिकायत पर पूर्व में जेल भी जा चुका था, छूटकर आने के बाद से फिर कर रहा था प्रताड़ित।
2 min read
• •
Updated: 4 Nov 2026, 5:06 PM IST
vidisha death
22 year old woman found dead in house harassment allegations, मृतका आरती अहिरवार की जीवित अवस्था की तस्वीर (Source-Patrika)

Vidisha Woman Death Case: मध्यप्रदेश के विदिशा में एक 22 वर्षीय युवती ने अपनी जान दे दी, युवती का शव उसके ही घर में मिला है। घटना के वक्त युवती घर पर अकेली थी और जब मां घर लौटी तो कमरे में बेटी को मृत पाया। मृतका के पिता ने एक युवक पर बेटी को प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पूर्व में बेटी ने आरोपी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी जिसके बाद आरोपी को जेल भी हुई लेकिन जेल से छूटने के बाद से आरोपी युवक फिर से बेटी को प्रताड़ित करने लगा था।

कमरे में मृत मिली बेटी

विदिशा जिले के करैयाखेड़ा स्थित गोकुलधाम कॉलोनी में रहने वाली 22 वर्षीय युवती आरती अहिरवार का शव बुधवार दोपहर को उसके ही घर के कमरे में मिला। घटना के वक्त आरती के माता-पिता घर से बाहर गए थे और वो घर पर अकेली थी। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे जब मां घर लौटी तो आरती के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। उन्होंने दरवाजा खटखटाया और आरती को आवाज दी लेकिन आरती ने कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद मां दूसरे रास्ते से कमरे में पहुंची तो बेटी का शव देखा और तुरंत आसपड़ोस के लोगों व पति को सूचना दी। तुरंत आरती को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पिता ने लगाए गंभीर आरोप

मृतका आरती के पिता रणधीर सिंह अहिरवार ने आरोप लगाया है कि एक युवक बेटी को लंबे समय से परेशान कर रहा था। बेटी ने उसकी शिकायत पुलिस में भी की थी जिसके कारण युवक को तीन महीने जेल में रहना पड़ा था। लेकिन कुछ दिन पहले युवक जेल से रिहा हो गया था, जेल से आने के बाद भी युवक आरती को परेशान कर रहा था। पिता का आरोप है कि युवक की प्रताड़ना से तंग आकर ही बेटी ने अपनी जान दी है। पुलिस ने मृतका का मोबाइल जब्त कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच में जुट गई है।

Updated on:
4 Nov 2026, 5:06 PM IST
Published on: