विदिशा

संदिग्ध अवस्था में रेल पटरियों पर घूमता मिला अफगानी युवक

युवक पाकिस्तान, कजाकिस्तान, ईरान तथा थाईलैंड में...
2 min read
Oct 02, 2018
dangerous situation
संदिग्ध अवस्था में रेल पटरियों पर घूमता मिला अफगानी युवक

विदिशा@गोविंद सक्सेना की रिपोर्ट...

विदिशा-सांची रेलवे पटरियों पर संदिग्ध अवस्था में घूम रहें एक 33 वर्षीय अफगानी युवक जावेद इस्माइल को विदिशा आरपीएफ ने पकड़ा और सांची पुलिस के हवाले कर दिया। यह युवक पाकिस्तान, कजाकिस्तान, ईरान तथा थाईलैंड में रह चुका है। उसके पास से कुछ दस्तावेज मिले हैं। जिसके बाद पुलिस उस युवक से पूछताछ कर रही है।

सूत्रों के मुताबिक सांची के उपस्टेशन अधीक्षक जीतनराम ने विदिशा आरपीएफ को सूचना दी कि सांची-विदिशा के बीच स्थित फाटक संख्या 263 पर गेटमेन जीतू यादव को एक अफगानी नागरिक संदिग्ध अवस्था में घूमते मिला है।

ये मिला सामान...
उसके पास एक बड़ा सा थैला है। ये सूचना मिलते ही आरपीएफ टीआई मनीष पांडेय, अपनी टीम के साथ गेट पर पहुंचे और थाना सांची को सूचित किया। बाद में काबुल अफगानिस्तान निवासी 33 वर्षीय जावेद इस्माइल को लेकर आरपीएफ सांची थाने पहुंची।

यहां सांची थाना निरीक्षक मुकेश तिवारी ने उक्त व्यक्ति को लेने से इंकार कर दिया। इस पर उच्च अधिकारियों के हस्ताक्षेप के बाद एएसपी एपी सिंह बागड़ी सांची थाने पहुंचे और इस अफगानी नागरिक से पूछताछ की। उसे पास मिले दस्तावेजों को भी देखा।

इस्माइल मोहम्मद ने बताया कि वह करीब तीन माह पहले मेडिकल वीजा पर भारत आया था और दिल्ली में सफदरजंग और साकेत में रहा। उसका पासपोर्ट 16 सितम्बर 2018 को दिल्ली में गुम गया। इसकी सूचना भी उसने थाना सफदरजंग नईदिल्ली में दी थी।

इसके बाद वह दिल्ली से आगरा काम की तलाश में आया। 1 अक्टूबर को किसी गाड़ी से विदिशा आया और पटरियों पर घूमने लगा। पटरी पर चलते-चलते वह गेट नंबर 269 पर पहुंच गया।

सांची स्टेशन के पास गेट पर घूमने के बारे में वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। वह कह रहा था कि वह गाडिय़ों में पेंटिंग का काम करता है और काम की तलाश में ही घूम रहा था। उसके पास मिले बैग में कपड़े आदि हैं।

दस्तावेजों में पासपोर्ट की फोटोकॉपी, कजाकिस्तान के कुछ दस्तावेज, उर्दू या फारसी में लिखे कई कागजात, एक कोलंबियन महिला का कार्ड, किसी भूपसिंह का आधार कार्ड, किसी मालतीबाई का एसबीआई रेमिट कार्ड और ऐसे अनेक कागजात इस्माइल के पास मिले हैं। अभी उससे सांची थाने में ही पूछताछ की जा रही ळै। अपने बयान में उसने बताया है कि वह इस्लामाबाद, काबुल, ईरान तथा थाईलैंड में रह चुका है। उपनिरीक्षक आरएस पांडेय पूछताछ कर तस्दीक कर रहे हैं।

Published on:
02 Oct 2018 02:49 pm