विदिशा

गांव के विकास के लिए पेड़ पर चढ़ा ग्रामीण, फंदा डाला

एक घंटे किया चक्काजाम,तहसीलदार ने कहा कि 24 घंटे में गांव में डीपी रखवा दी जाएगी
2 min read
Sep 26, 2018
news
गांव के विकास के लिए पेड़ पर चढ़ा ग्रामीण, फंदा डाला

विदिशा। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की अनदेखी कभी-कभी लोगों के लिए कितनी भारी पड़ जाती है, इसका उदाहरण मिला नटेरन से 4 किमी दूर ग्राम बेलानारा में। यहां सड़क, बिजली, पानी जैसी समस्याओं से वर्षोंं से जूझते ग्रामीणों ने पेड़ काटकर चक्काजाम कर दिया। एक ग्रामीण पेड़ पर चढ़ गया और रस्सी से फंदा बनाकर उससे लटकने का प्रयास करने लगा। बमुश्किल पुलिस, अधिकारियों ने आज ही काम शुरू कराने का भरोसा दिलाया तब वह नीचे उतरा। एक घंटे यह सब तमाशा चलता रहा।


ग्रामीण मंगलवार को सुबह 9 बजे घटवाई स्थित विदिशा-अशोकनगर स्टेट हाइवे पहुंचे और एक बबूल का पेड़ काटकर उसे बीच सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। पानी, बिजली और सड़क की मांग को लेकर किए जा रहे इस विरोध प्रदर्शन के दौरान उस समय हड़कंम्प मच गया जब एक ग्रामीण हाकम सिंह सड़क किनारे लगे एक ऊंचे बबूल के पेड़ पर चढ़ गया और उस पर रस्सी का फंदा डालकर लटकने की तैयारी करने लगा। वह बार-बार चिल्ला रहा था कि हमारी समस्याएं नहीं सुलझाईं तो यहीं लटककर जान दे दूंगा। इस गांव को पानी, सड़क और बिजली मिल जाए इसलिए हम पेड़ पर लटकने को मजबूर हुए हैं।

इस बीच बड़ी संख्या में ग्रामीण चक्काजाम कर नारे लगाते रहे। इस दौरान भोपाल में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में जा रही बसों को भी नहीं निकलने दिया गया। करीब 20 मिनिट बाद पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन ग्रामीण नहीं माने।

ग्रामीणों का कहना था कि हमारी सुनवाई नहीं होने तक हम नहीं हटेंगे हर बार अधिकारी और नेता हमें आश्वासन देकर गुमराह करते हैं, तब एसडीएम, तहसीलदार और जनपद सीईओ ने तीन दिन में रोड बनाने का भरोसा दिलाया था, लेकिन आज तक कुछ नहीं हुआ। अधिकारियों के इस वादे के बाद हाकमसिंह नीचे उतरा और चक्काजाम भी खत्म कर दिया गया।

सीएम के विदिशा दौरे में उनसे भी इस गांव की दुर्दशा बताकर समस्या के हल की बात कही थी, उद्यानिकी मंत्री सूर्यप्रकाश मीणा को भी आवेदन दे चुके हैं। कलेक्टर से भी गुहार लगा चुके हैं। लेकिन कहीं कोई सुनवाई नहीं होती। इसलिए अब मरने के सिवा कोई रास्ता नहीं।


इस दौरान जनपद पंचायत सीईओ शंकर पांसे ने ग्रामीणों से कहा कि अभी बासौदा से डम्पर भरवाकर मंगवाया है। घटवाई से वेलनारा तीन किमी रोड का काम चालू हो रहा है। तहसीलदार ने कहा कि 24 घंटे में गांव में डीपी रखवा दी जाएगी, जिससे बिजली समस्या हल होगी। इसी तरह नल भी सुधरवा दिया जाएगा। अधिकारियों के इस वादे के बाद हाकमसिंह नीचे उतरा और चक्काजाम भी खत्म कर दिया गया।

Updated on:
26 Sept 2018 11:08 am
Published on:
26 Sept 2018 11:08 am