विदिशा

Vidisha Crime : रात 11 बजे कार्यक्रम में दिखी थी पत्नी, इसके बाद हो गई अचानक मौत, हुआ बड़ा खुलासा

Vidisha Wife Murder News : एक दिन पहले यानि 30 अक्टूबर की रात गांव में था कार्यक्रम, करीब 11 बजे तक रही थी नीलम, स्वस्थ पत्नी की दूसरे दिन मौत से शक गहराया
2 min read
• •
Updated: 10 Nov 2026, 10:52 AM IST
विदिशा में पति पर लगा पत्नी की हत्या का आरोप
विदिशा में पति पर लगा पत्नी की हत्या का आरोप - image AI

Vidisha Wife Murder News : विदिशा के कागपुर के इस घर में मंगलवार सुबह भी सन्नाटा पसरा है। पूरे गांव में जहां गोवर्धन पूजा का उत्साह दिख रहा है वहीं घर में मातम है। सब कुछ ठीकठाक चल रहा था कि 31 अक्टूबर को बहू नीलम बेडनी की अचानक मौत हो गई। घरवाले इस सदमे से उबर भी नहीं सके थे कि नीलम की हत्या के आरोप में उसके पति नर्मदाप्रसाद उर्फ नब्बा अहिरवार को पुलिस ले गई। परिजन न तो दिवाली मना सके और न ही कोई अन्य त्योहार। नर्मदाप्रसाद के जेल जाने से उनकी चिंता और बढ़ गई है।

कागपुर करारिया चौराहा थाना क्षेत्र का एक छोटा सा गांव है। यहां की नीलम बेड़नी की 31 अक्टूबर को मौत हो गई थी। करीब 45 साल की इस महिला की मौत कुछ संदिग्ध लगी तो जनपद सदस्य प्रतिनिधि सुनील खटीक ने पुलिस को इसकी सूचना दी। उन्होंने पुलिस को बताया कि नीलम की मौत के बाद उसके पति नर्मदाप्रसाद उर्फ नब्बा ने जल्दबाजी में अंतिम संस्कार किया। पति ने गांववालों को बताया था कि पत्नी बाइक दुर्घटना में चल बसी लेकिन पुलिस या ग्राम चौकीदार को इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी।

महिला की संदिग्ध मौत की सूचना के बाद पुलिस सक्रिय हो गई। पति नर्मदाप्रसाद से पूछताछ की तो उसने कहा कि नीलम मोटरसाइकिल से गिर गई थी। इससे मौत हो गई। उसने जो घटनाक्रम बताया उसका गांववालों से मिली जानकारी से कोई मिलान नहीं हुआ। पुलिस का शक बढ़ा तो नर्मदाप्रसाद से सख्ती की गई। इसके बाद उसने पत्नी की हत्या करना कबूल लिया। पुलिस ने 8 नवंबर को नर्मदाप्रसाद को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

10 नवंबर को सुबह से गांव में चल रही इसी घटना की चर्चा

10 नवंबर को सुबह से गांव में इसी घटना की चर्चा चल रही है। ग्रामीणों ने बताया कि 30 अक्टूबर की रात को गांव में एक कार्यक्रम था जहां नीलम करीब 11 बजे तक थी। वह बिल्कुल ठीक ठाक थी। दूसरे ही दिन उसकी मौत की सूचना मिली जिससे लोगों को शक हो गया था। गांववालों को नीलम और उसके पति के बीच चल रहे विवाद के बारे में भी पता था।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

विदिशा पुलिस ने इस मामले में गहराई से जांच की। एसपी रोहित काशवानी ने थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की थी। मामले की हकीकत जानने के लिए सूचनाकर्ता के साथ ही कई लोगों के बयान लिए। फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और अनेक अहम साक्ष्य जुटाए। इसके बाद ही नीलम के पति नब्बा उर्फ नर्मदा अहिरवार को गिरफ्तार किया।

Updated on:
10 Nov 2026, 10:52 AM IST
Published on: