जंगल के चोरों का अवैध व्यापार, ऐसे हुआ पर्दाफाश
विदिशा/लटेरी@अनिल सोनी की रिपोर्ट...
जंगलों में सागौन की लकड़ी की अवैध कटाई रूकने का नाम नहीं ले रही है। इसी क्रम में वन विभाग अमले ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रविवार की अल सुबह प्याज से भरी बोरियों के नीचे रखी 1 लाख रुपए से अधिक कीमत की अवैध सागौन की लकड़ी ट्रक सहित जब्त कर पांच आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
मुखबिर की सूचना पर वन विभाग अमला दक्षिण रेंज के अंतर्गत आने वाली बीट आगरा पठार से शमशाबाद के पास लटेरी रोड पर रविवार की सुबह करीब पौने पांच बजे पहुंचा और घेराबंदी कर आरोपियों को अवैध लकड़ी सहित रंगे हाथ गिरफ्तार किया। मालूम हो कि वन विभाग अमले ने जब घेराबंदी कर ट्रक अपने कब्जे में लिया तो ट्रक के नीचे 68 नग सागौन की लकड़ी रखी थी। जिसके ऊपर 50 बोरी प्याज रखी हुई थी। जिससे कि जांच में लगे कि ट्रक में सिर्फ प्याज भरी है। पकड़े गए पांच आरोपियों में ट्रक मालिक भी शामिल है। इस कार्रवाई में दक्षिण रेंज, उत्तर रेंज, सिरोंज एवं शमशाबाद का वन स्टॉफ मौजूद रहा। पकड़े गए आरोपियों में राजगढ़ निवासी महेंद्रसिंह सोलंकी, पचौर निवासी निर्मल मकवाना, कानेड़ा राजगढ़ निवासी जमनालाल सेन और राहुल सेन शामिल हैं। साथ ही पुलिस का कहना है कि पकड़े आरोपी की मदद से शायद इस तरह का अवैध व्यापार करने वालोें की सूचना मिल सके।
इनका कहना है
दो दिन से लगातार मुखबिर से सूचना मिल रही थी कि एक बड़ा ट्रक आएगा और सागौन की लकड़ी रखकर ले जाई जाएंगीं। रात 12 बजे फिर मुखबिर का फोन आया। जिसके चलते अमले ने घेराबंदी कर ट्रक की जांच की, तो प्याज के नीचे सागौन के 68 नग लकड़ी रखी हुई थी। इस सागौन की लकड़ी की कीमत करीब 1 लाख रूपए है। इस कार्रवाई में उत्तर-दक्षिण सिरोंज एवं शमशाबाद स्टाफ का सहयोग रहा।
एनके शर्मा, एसडीओ, वन विभाग, लटेरी