विदिशा

विदिशा में एक क्विंटल से ज्यादा अवैध विस्फोटक सामग्री गंधक पोटाश जब्त

Explosive Material Seized: शमशाबाद और त्योंदा में दो अलग-अलग कार्रवाई, चार आरोपी गिरफ्तार, 108 किलो गंधक पोटाश के साथ ही 85 गचकुंडियां भी बरामद, बिक्री और भंडारण के लिए रखी थी विस्फोटक सामग्री।
1 minute read
• •
Updated: 7 Nov 2026, 10:09 PM IST
Explosive Material Seized
illegal explosive material seized four arrested, पुलिस की गिरफ्त में आरोपी (Source-Patrika)

Vidisha Explosive Material Seized: मध्यप्रदेश के विदिशा जिले में अवैध विस्फोटक सामग्री के भंडारण और बिक्री के खिलाफ पुलिस ने दो थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 108.600 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री गंधक-पोटाश और 85 गचकुंडियां जब्त की हैं। शमशाबाद और त्योंदा पुलिस की अलग-अलग कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त विस्फोटक सामग्री की कीमत करीब 1.08 लाख रुपए बताई गई है।

शनिवार को शमशाबाद में कार्रवाई

पहली कार्रवाई 7 नवंबर को शमशाबाद के शालाखेड़ी रोड पर की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति प्लास्टिक के थैले में गंधक-पोटाश लेकर मौजूद हैं। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर अजीम खां (35) निवासी बरखेड़ा जागीर और हेमराज अहिरवार (24) को पकड़ा। तलाशी में दोनों के कब्जे से 16 किलोग्राम गंधक-पोटाश बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 16 हजार रुपए आंकी गई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम की धारा के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

शुक्रवार को त्योंदा में कार्रवाई

इससे पहले त्योंदा पुलिस ने 6 नवंबर को ग्राम रसूलपुर में पटाखा बाजार के पास कार्रवाई की। यहां एक लोडिंग ऑटो में बिक्री के लिए गंधक-पोटाश और गचकुंडियां रखी हुई थीं। पुलिस ने ऑटो की तलाशी लेकर 92.600 किलोग्राम गंधक-पोटाश और 85 गचकुंडियां जब्त कीं। मौके से प्यारे मियां निवासी रायसेन गेट, विदिशा और मननान निवासी इछावर, जिला सीहोर को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास विस्फोटक सामग्री के भंडारण और बिक्री का वैध लाइसेंस नहीं मिला। इस पर विस्फोटक अधिनियम की धारा के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

गंभीर दुर्घटना का रहता है खतरा

विदिशा पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी ने बताया कि बिना अनुमति के विस्फोटक सामग्री का भंडारण और उपयोग गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन सकता है। इससे आगजनी, जनहानि और संपत्ति को नुकसान होने का खतरा रहता है। इसलिए इस मामले में प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई है।

Updated on:
7 Nov 2026, 10:09 PM IST
Published on: