विदिशा

एमपी के 5 शहरों को मिल सकती है ट्रेनों की सुविधा, रेल अधिकारियों से मिलीं सांसद लता वानखेड़े

Lata Wankhede : बीना-ब्यावरा रेल लाइन के सर्वे की मांग, विधायक भी उठा चुके हैं मुद्दा, रेलवे ने प्रस्ताव पर विचार करने की बात कही
2 min read
• •
Updated: 10 Nov 2026, 9:02 AM IST
लता वानखेडे
लता वानखेडे image @WankhedeLata

Lata Wankhede : विदिशा के सिरोंज के चारों तरफ रेलवे जंक्शन और रेल लाइनें हैं, लेकिन शहर तक पहुंचने के लिए आज भी एक भी पटरी नहीं है। ट्रेन पकडऩे के लिए लोगों को 50 से 115 किलोमीटर तक सड़क का सफर करना पड़ता है। दशकों से उठ रही इस मांग को अब फिर उम्मीद मिली है। क्षेत्रीय सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक में बीना-ब्यावरा नई रेल लाइन का सर्वे शुरू कराने की मांग उठाई है। प्रस्ताव में कुरवाई, सिरोंज और लटेरी को रेल नेटवर्क से जोडऩे की बात है। इसके अलावा मंडीबामोरा या गंजबासौदा से सिरोंज को जोडऩे का विकल्प भी दिया गया है। इससे इलाके के 5 शहरों में ट्रेनों की सुविधा मिल सकती है।

सिरोंज की भौगोलिक स्थिति ऐसी है कि आसपास कई दिशाओं में रेलवे स्टेशन और जंक्शन मौजूद हैं, लेकिन इसका लाभ क्षेत्र को नहीं मिल रहा। गंजबासौदा 42 किमी, मंडीबामोरा 55 किमी, बीना 65 किमी, अशोकनगर 80 किमी, विदिशा और गुना 90-90 किमी दूर हैं। ब्यावरा भी 80 किमी दूर है। भोपाल पहुंचने के लिए करीब 100 किमी का सफर करना पड़ता है। इसके चलते यात्रियों को ट्रेन तक पहुंचने में ही अतिरिक्त समय और पैसा खर्च करना पड़ता है।

बीना से ब्यावरा तक रेल लाइन का प्रस्ताव:

सांसद ने बैठक में बीना से ब्यावरा तक रेल लाइन का सर्वे कराने की मांग रखी। प्रस्तावित मार्ग बीना जंक्शन से कुरवाई, सिरोंज और लटेरी होते हुए ब्यावरा तक जा सकता है। इसके अलावा मंडीबामोरा या गंजबासौदा से सिरोंज को जोडऩे के विकल्प भी सुझाए गए हैं। इससे क्षेत्र को सीधे मुख्य रेल नेटवर्क से जोडऩे का रास्ता खुल सकता है।

10 लाख से अधिक आबादी सड़क पर निर्भर

कुरवाई की 2,36,628, सिरोंज की 2,23,836 और शमशाबाद की 2,02,007 आबादी सहित जिले के करीब 10 लाख से अधिक लोग रेल सुविधा से वंचित हैं। छात्रों, किसानों, व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों को शिक्षा, इलाज और रोजगार के लिए बसों या निजी वाहनों से सफर करना पड़ता है।

भोपाल रेल मंडल के पीआरओ नवल अग्रवाल के अनुसार भोपाल मंडल के सांसदों के साथ पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक एवं वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक में प्राप्त प्रस्तावों को रेलवे बोर्ड व मंत्रालय के लिए भेजा गया है। वरिष्ठ अधिकारी रेल लाइन बिछाने सहित अन्य प्रस्तावों का गहन अध्ययन करेंगे। इसके बाद आगे का निर्णय होगा।

विधायक उमाकांत शर्मा ने भी भोपाल में डीआरएम से मुलाकात कर बीना- ब्यावरा रेल लाइन की मांग रखी थी। उनके प्रस्ताव में बीना से कुरवाई, पथरिया, सिरोंज, लटेरी, मधुसूदनगढ़ और सुठालिया होते हुए ब्यावरा तक रेल लाइन बिछाने की बात शामिल थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर चुनाव में रेल कनेक्टविटी का भरोसा मिलता है, लेकिन अब तक सर्वे और निर्माण की दिशा में ठोस पहल नहीं हुई। लोगों की नजर अब रेलवे बोर्ड के फैसले पर है। उनका सवाल है कि जब सीधी और राजगढ़ के सोनकच्छ- नरसिंहगढ़ जैसे क्षेत्रों तक रेल पहुंच सकती है, तो सिरोंज अब तक इससे दूर क्यों है?

Updated on:
10 Nov 2026, 9:02 AM IST
Published on: