विदिशा

एमपी में 1 लाख वेतन पाने वाला कर्मचारी कर रहा था बिजली चोरी, 63 हजार का जुर्माना लगा

MP News: बिजली चोरी करते पकड़ाए लाइनमैन के खिलाफ दर्ज किया गया बिजली चोरी का मामला, बिजली कंपनी ने लगाया 63 हजार रुपये का जुर्माना।
2 min read
Apr 07, 2026
VIDISHA
lineman electricity theft fine 63k

MP News: मध्यप्रदेश के विदिशा जिले के गंजबासौदा में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां बिजली कंपनी के ही एक लाइनमैन के खिलाफ बिजली चोरी के मामले में प्रकरण दर्ज किया गया है और उस पर 63 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। शहर में बिजली कंपनी इन दिनों बिजली चोरी रोको अभियान चला रही है और इसी अभियान के तहत ये कार्रवाई की गई है। लाइनमैन अपने घर पर ही चोरी की बिजली जला रहा था और उसके घर पर बिजली मीटर भी नहीं लगा हुआ था।

लाइनमैन के घर पकड़ाई बिजली चोरी

गंजबासौदा में इन दिनों बिजली कंपनी बिजली चोरी रोको अभियान जोर-शोर से चला रहा है। हर दिन कहीं न कहीं बिजली चोरी पकड़ी जा रही है और प्रकरण दर्ज किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में बिजली कंपनी के अधिकारियों को सूचना मिली थी कि बिजली कंपनी का ही एक कर्मचारी घर में बिजली की चोरी कर रहा है। इस सूचना पर बिजली कंपनी के AE सन्नी बरगिस अपने साथी कर्मचारियों के साथ संजय गांधी स्मृति कॉलेज के पीछे स्थित गली में पहुंचे। यहां रहने वाले लाइनमैन राजेश किश्ती के घर पर जब बिजली कंपनी के कर्मचारियों ने जांच की तो पता चला कि लाइनमैन राजेश किश्ती बिजली चोरी कर रहा था।

1 लाख रुपये वेतन फिर भी बिजली चोरी

बताया गया है कि लाइनमैन राजेश किश्ती बरेठ क्षेत्र में पदस्थ है और उसे करीब एक लाख रुपये महीने वेतन मिलता है। इसके बावजूद वो घर पर बिजली की चोरी कर रहा था। उसके घर पर बिजली का मीटर भी नहीं मिला है और बिजली की सप्लाई सीधे मुख्य लाइन से घर तक आ रही थी। जिससे साफ है कि लंबे समय से बिजली चोरी लाइनमैन राजेश किश्ती के द्वारा की जा रही थी।

63 हजार का लगाया जुर्माना

लाइनमैन राजेश किश्ती के घर पर बिजली चोरी पकड़े जाने के बाद उसके खिलाफ बिजली चोरी का प्रकरण दर्ज किया गया है। बिजली कंपनी के अधिकारी ने बताया कि लाइनमैन राजेश किश्ती के घर बिजली चोरी पकड़ाने पर उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उस पर 63 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि बिजली कंपनी की ओर से इन दिनों बिजली चोरी रोको अभियान चलाया जा रहा है। कंपनी बिजली चोरी के मामलों को लेकर काफी सख्त है और ऐसे कर्मचारियों पर लगाम लगाने के लिए अपने ही कर्मचारियों पर कार्रवाई कर रही है, जो पद का फायदा उठाकर चोरी करते हैं।

Updated on:
07 Apr 2026 04:48 pm
Published on:
07 Apr 2026 04:48 pm