विदिशा

विदिशा मेडिकल कॉलेज में भर्ती युवती से दुष्कर्म के आरोपों पर शिवराज सिंह सख्त, पुलिस को फोन कर दिए निर्देश

Shivraj Singh Chouhan : नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में एफआईआर दर्ज करने के लिए केंद्रीय मंत्री विदिशा सांसद शिवराज सिंह चौहान ने पुलिस अधिकारियों को फोन कर FIR दर्ज करने के निर्देश दिए। युवती के परिजन ने सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया है। मानवाधिकार आयोग ने भी मामले में संज्ञान लिया।
2 min read
• •
Updated: 16 Nov 2026, 3:53 PM IST
Shivraj Singh Chouhan
मेडिकल कॉलेज, फोन पर बात करते शिवराज (फोटो सोर्स: Patrika)

Vidisha News :मध्य प्रदेश के विदिशा में गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराई गई युवती से दुष्कर्म के आरोपों का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। मामले में केंद्रीय कृषि मंत्री और विदिशा से सांसद शिवराज सिंह चौहान ने हस्तक्षेप किया है। उन्होंने मामले को लेकर पुलिस अधिकारियों को फोन किया और युवती से दुष्कर्म के मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए है।

यही नहीं, इस मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के सदस्य प्रियंक कानूनगो ने भी संज्ञान लिया है। अब इस मामले में पुलिस की जांच और कार्रवाई पर सबकी नजरें टिक गई हैं।

परिजन ने लगाए आरोप

बता दें कि, दो दिन पहले शनिवार को एक युवती गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में उसके परिजन द्वारा भर्ती कराया गया था। इसी बीच युवती के परिजन ने आरोप लगाया कि, उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म हुआ है। परिजन के आरोपों के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक पूछताछ में युवती के बॉयफ्रेंड के साथ संबंध बनाने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ने की बात सामने आई थी। हालांकि, परिजन ने घटना में अन्य लोगों की भूमिका होने की आशंका भी जताई है।

उम्र और बयानों पर भी उलझी पुलिस की जांच

मामले में युवती की उम्र और उसके बयानों को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। परिजन द्वारा दिए बयानों के अनुसार, पीड़िता की उम्र 17 साल है, जबकि पुलिस को मिले कुछ दस्तावेजों में उसकी उम्र 21 साल दर्ज होने की बात सामने आई है। इसके अलावा युवती के बार-बार बयान बदलने की जानकारी भी सामने आई है। ऐसे में पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।

एसपी ने गठित की जांच टीम, मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार

मामले की गंभीरता को मद्देनजर देखते हुए विदिशा एसपी रोहित काशवानी ने जांच के लिए विशेष टीम गठित की है। पुलिस संबंधित युवक से पूछताछ में जुटी है। साथ ही, युवती के चिकित्सकीय परीक्षण, मेडिकल रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों को जांच में शामिल किया जा रहा है।

कार्रवाई की मांग तेज

शिवराज सिंह चौहान के हस्तक्षेप और मानवाधिकार आयोग के सदस्य प्रियंक कानूनगो के संज्ञान लेने के बाद मामले में निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। मामले में एसपी का कहना है कि, मेडिकल रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के हिसाब से अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती घटना की वास्तविकता स्पष्ट करना और परिजन के आरोपों की पुष्टि करना है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Updated on:
16 Nov 2026, 3:53 PM IST
Published on: