
विदिशा। कोतवाली थानांतर्गत सिंधी कॉलोनी स्थित पटेल गार्डन के पास एक घर में चोरी हो गई। परिवार शहर में ही एक शादी में गया था सुबह घर आए तो घर का सामान बिखरा मिला। चोरों ने नकदी जेवर सहित करीब 80 हजार रुपए की चोरी की।
परिजन सौरभ कुशवाह ने बताया कि अग्रवाल धर्मशाला में मामा की बेटी की शादी थी। परिवारजन घर में ताला लगाकर शादी में गया था। सुबह जब साढ़े पांच बजे आए तो मेन गेट का ताला लगा मिला लेकिन कमरे में रखा सभी सामान बिखरा हुआ था। चोरों ने पेटी व आलमारी खोली और पूरा सामान बिखरा दिया। इस दौरान चोर घर में रखे करीब 35 हजार रुपए नकद एवं जेवर चुरा ले गए। कुल चोरी करीब 80 हजार रूपए की होना बताई गई।
छत के रास्ते घर के अंदर आए चोर
सौरभ ने बताया कि घर के मेन गेट का ताला लगा हुआ था। उन्होंने आशंका जताई कि घर के बगल में संकरी गली है। इस गली में पानी के पाईप छत तक लगे हुए हैं। इस पाइप के जरिए चोर छत पर आए और छत से सीढिय़ों के जरिए घर में घुसना माना जा रहा है। आसपास के लोगों का कहना है कि अगर ऐसे ही चोरी की वारदात बढ़ती रही तो हम क्या करेंगे। पुलिस कुछ करने को तैयार नहीं। इस तरह तो हम लुट जाएंगे। हमारी कमाई हुई बरसों की मेहनत पर पानी फिर जाएंगा।
एक दिन पूर्व भी हुई थी चोरियां
इस वारदात के एक दिन पूर्व ही बस स्टैंड स्थित तीन दुकानों में चोरी एवं दो दुकानों के ताले व शटर तोडऩे की वारदात हुई। इसमें चोर सवा लाख नकद राशि व अन्य सामान चुराकर चंपत हो गए थे। इस वारदात से नाराज व्यापारियों ने धरना दिया। चोरों को गिरफ्तार करने की मांग की इसके बाद भी पुलिस गश्त नहीं बढ़ पाई है और दूसरे दिन भी चोरी की वारदात हो गई।