Israel Airstrike: इजराइल ने बेरूत में हिजबुल्लाह के कई कमांड सेंटर और लॉन्च साइट्स को एयर स्ट्राइक के जरिए तबाह कर दिए।
Israel Attack Beirut Hezbollah: इजरायल ने अब ईरान के बाद लेबनान में भी बड़े हमले शुरू कर दिए हैं। खबरों के मुताबिक इजरायली सेना ने बेरूत में एयर स्ट्राइक कर हिजबुल्लाह के कई अहम ठिकानों को निशाना बनाया है। इन हमलों में संगठन के खास कमांड सेंटर और मिसाइल लॉन्च साइट्स को तबाह करने का दावा किया गया है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, इजरायली सेना ने अपने ऑपरेशन के दौरान हिजबुल्लाह की चर्चित राडवान फोर्स के कमांड सेंटर को भी बेअसर करने की बात कही है। इसके साथ ही दक्षिणी लेबनान के अल-कतरनी इलाके में मौजूद कई लॉन्च साइट्स पर भी हमला किया गया। इन लगातार हो रहे हमलों से इलाके में भारी तबाही हुई है और मरने वालों की संख्या 826 के पार पहुंचने की खबर है।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई हिजबुल्लाह की सैन्य ताकत और ऑपरेशनल क्षमताओं को कमजोर करने के लिए चलाए जा रहे बड़े सैन्य अभियान का हिस्सा है। मिडिल ईस्ट में बढ़ते इस संघर्ष ने पूरे क्षेत्र में चिंता बढ़ा दी है।
इजरायली वायु सेना (आईएएफ) ने रविवार को ईरान पर किए गए अपने हमले को लेकर बड़ा दावा किया है। इजरायल के मुताबिक उसके लड़ाकू विमानों ने हवाई हमले में ईरान के एक ड्रोन स्टोरेज (भंडारण) ठिकाने को पूरी तरह तबाह कर दिया।
आईएएफ का कहना है कि इस हमले में ईरान को भारी नुकसान हुआ है और कुछ ईरानी सैनिक भी मारे गए हैं। सेना के अनुसार यह कार्रवाई खुफिया जानकारी के आधार पर की गई थी। बताया गया कि यह ड्रोन भंडारण स्थल पश्चिमी ईरान में एक लॉन्च साइट के अंदर बनाया गया था।
इजरायली वायु सेना के मुताबिक हमले के बाद वहां मौजूद ईरानी सैनिकों में अफरा-तफरी मच गई। जो सैनिक बचने के लिए इधर-उधर भाग रहे थे, उन्हें भी इजरायली लड़ाकू विमानों ने ट्रैक कर निशाना बनाया।
अमेरिका और इजरायल द्वारा लगातार हो रहे हमलों में ईरान को जान-माल का भारी नुकसान हो रहा है। ईरान की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, अमेरिका-इजरायल के हमले में अब तक 202 बच्चों और 223 महिलाओं की मौत हो चुकी है।
ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी बयान में बताया गया कि अमेरिका-इजरायल के हमलों में कम से कम 202 बच्चे और 223 महिलाएं मारी गई हैं, जिनमें तीन गर्भवती भी शामिल हैं।