
पश्चिमी अफ्रीकी देश नाइजीरिया (Nigeria) में आतंकवाद (Terrorism) एक गंभीर समस्या है। पिछले कुछ साल में नाइजीरिया में आतंकवाद की समस्या काफी बढ़ गई है। समय-समय पर देश में आतंकी हमलों के मामले भी देखने को मिलते हैं। ऐसे में आतंकवाद पर नकेल कसने के लिए नाइजीरियाई सेना भी देश में आतंकवाद के खिलाफ अभियान चलाती है और समय-समय पर आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई करती है। हाल ही में नाइजीरियाई सेना ने फिर देश में आतंकवाद के खिलाफ अभियान चलाते हुए अलग-अलग जगहों पर आतंकियों के खिलाफ एक्शन लिया।
नाइजीरिया की सेना ने गुरुवार को जानकारी दी कि पिछले हफ्ते देश में अलग-अलग जगहों पर उन्होंने 92 आतंकियों को मार गिराया। सेना के प्रवक्ता ने नाइजीरिया में सुरक्षा की स्थिति पर मीडिया से बात करते हुए इस बारे में जानकारी दी।
नाइजीरिया की सेना के प्रवक्ता ने मीडिया से बात करते हुए यह भी बताया कि पिछले हफ्ते देश में आतंकवाद के खिलाफ चलाए गए अभियान में 111 आतंकियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस दौरान आतंकियों के कब्ज़े से 75 बंधकों को भी आज़ाद कराया गया, जिन्हें आतंकियों ने किडनैप कर लिया था।
नाइजीरियाई सेना के प्रवक्ता ने बताया कि सेना ने सिर्फ आतंकियों का खात्मा और गिरफ्तारी पर ही नहीं, बल्कि उनके ठिकानों पर छापा मारने का भी काम किया। नाइजीरिया के सैनिकों ने अलग-अलग आतंकी ठिकानों पर छापा मारते हुए 117 हथियार और 2,939 राउंड गोला-बारूद भी बरामद किए। इन हथियारों और गोला-बारूद का इस्तेमाल ये आतंकी न सिर्फ सेना के खिलाफ करते थे, बल्कि सामान्य जनता में भी दहशत फैलाने के लिए करते थे।
यह भी पढ़ें- अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने दिया मुंबई हमले के आरोपी तहव्वुर राणा को झटका, भारत प्रत्यर्पण पर रोक लगाने की याचिका खारिज