19 सितंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

गाजा शांति योजना और ईरान पर ट्रंप का बड़ा प्लान, UN में क्या-क्या कहेंगे अमेरिकी राष्ट्रपति? सामने आई डिटेल

UN महासभा में डोनाल्ड ट्रंप ईरान के परमाणु कार्यक्रम और गाजा शांति योजना पर बात करेंगे। जानें खाड़ी देशों से बैठक और अमेरिकी एजेंडे की पूरी डिटेल।
3 min read
Google source verification

भारत

image

Rahul Yadav

Sep 19, 2026

Donald Trump, Trump UN Speech,

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (फोटो - एआई जनरेटड)

Donald Trump: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अगले सप्ताह संयुक्त राष्ट्र महासभा में ईरान और गाजा से जुड़े मुद्दों पर अपना रुख रखेंगे। ट्रंप मंगलवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह खाड़ी सहयोग परिषद यानी जीसीसी के नेताओं से भी मुलाकात करेंगे। ईरान का परमाणु कार्यक्रम और क्षेत्रीय सुरक्षा इन चर्चाओं के प्रमुख मुद्दों में शामिल रहेंगे।

ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर रहेगा फोकस

संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका के राजदूत माइक वॉल्ट्ज ने कहा है कि ट्रंप के भाषण में यह मुद्दा प्रमुख रहेगा कि ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने दिया जाए। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, ट्रंप ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर अमेरिका की स्थिति स्पष्ट कर सकते हैं। ईरान का मुद्दा ऐसे समय में सामने आ रहा है जब अमेरिका और ईरान के बीच संघर्ष कई महीनों से जारी है। अमेरिकी अधिकारियों ने ईरान पर आर्थिक दबाव बनाए रखने के संकेत भी दिए हैं।

गाजा शांति योजना पर भी होगी बात

ट्रंप के UN भाषण में गाजा के लिए उनकी 20 सूत्री शांति योजना का भी जिक्र हो सकता है। अमेरिकी अधिकारियों ने बताया है कि भाषण में इस योजना की प्रगति और क्षेत्रीय संघर्षों से जुड़े मुद्दों पर बात की जाएगी। इस योजना को लेकर जुलाई में ट्रंप ने कहा था कि उनके ‘बोर्ड ऑफ पीस’ ने गाजा में हमास और अन्य सशस्त्र समूहों के निरस्त्रीकरण को लेकर एक समझौता किया है। योजना में इजरायली सैनिकों को धीरे-धीरे गाजा से वापस बुलाने और वहां सुरक्षा के लिए अंतरराष्ट्रीय बल तैनात करने की बात कही गई थी।

खाड़ी देशों के नेताओं से करेंगे मुलाकात

ट्रंप संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान खाड़ी सहयोग परिषद के नेताओं से भी बैठक करेंगे। इसमें सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, कतर, बहरीन, कुवैत और ओमान के नेता या उनके प्रतिनिधि शामिल हो सकते हैं। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, बैठक में क्षेत्रीय सुरक्षा और ईरान से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। खाड़ी देशों के नेता अपनी सुरक्षा संबंधी चिंताओं को सीधे ट्रंप के सामने रख सकेंगे।

होर्मुज स्ट्रेट भी एजेंडे में

ईरान के साथ तनाव के बीच होर्मुज स्ट्रेट भी बड़ा मुद्दा बना हुआ है। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, तेल भेजने के लिए दूसरे रास्तों का इस्तेमाल बढ़ा है। इससे होर्मुज स्ट्रेट पर ईरान का दबाव कुछ कम हुआ है। एक अमेरिकी अधिकारी के अनुसार, इन रास्तों से रोजाना करीब 1 करोड़ से 1.1 करोड़ बैरल तेल भेजा जा रहा है। हालांकि, अधिकारी ने यह साफ नहीं किया कि इस आंकड़े में किन-किन रास्तों से भेजा गया तेल शामिल है।

अधिकारी ने यह भी दावा किया कि आर्थिक दबाव के कारण ईरान की मुद्रा रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गई है और महंगाई रिकॉर्ड ऊंचाई पर है। हालांकि, इस दावे के समर्थन में ब्रीफिंग के दौरान कोई आर्थिक आंकड़ा नहीं दिया गया।

ईरान के साथ कारोबार पर अमेरिका की चेतावनी

अमेरिकी प्रशासन ईरान के साथ कारोबार करने वाली कंपनियों और संस्थाओं पर दबाव बनाए रखने की बात कह रहा है। एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, अमेरिका अपने सहयोगियों और अन्य सरकारों को चेतावनी देता रहेगा कि ईरानी सरकार के साथ कारोबार करने के परिणाम हो सकते हैं। अमेरिका इस साल चीन और हांगकांग की कुछ संस्थाओं पर भी प्रतिबंध लगा चुका है। इन संस्थाओं पर ईरान के तेल कारोबार और राजस्व में मदद करने के आरोप लगाए गए हैं।

ईरानी प्रतिनिधिमंडल को मिला अमेरिकी वीजा

संयुक्त राष्ट्र महासभा में हिस्सा लेने के लिए अमेरिका ने ईरानी प्रतिनिधिमंडल को वीजा देने की मंजूरी दी है। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, इस बार ईरान का प्रतिनिधिमंडल पिछले साल की तुलना में छोटा होगा।

हालांकि, अमेरिका और ईरान के बीच सीधे बातचीत को लेकर अभी कोई पुष्टि नहीं हुई है। अमेरिकी अधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रपति और विदेश मंत्री के अंतिम कार्यक्रम को लेकर अभी कुछ तय नहीं है।

ईरान के अलावा इन मुद्दों पर भी होगी चर्चा

ट्रंप के UN कार्यक्रम में ईरान और गाजा के अलावा कई दूसरे अंतरराष्ट्रीय मुद्दे भी शामिल होंगे। इनमें नागरिक जहाजों और बुनियादी ढांचे पर हमले, समुद्री मार्गों की स्वतंत्रता और जलमार्गों में बारूदी सुरंगे जैसे मुद्दे शामिल हैं। इसके अलावा एआई, समुद्र के भीतर मौजूद खनिज संसाधन और समुद्र के नीचे बिछी इंटरनेट केबल जैसे विषय भी अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के एजेंडे में हैं। संयुक्त राष्ट्र महासभा के इस सत्र में ईरान, यूक्रेन, गाजा, जलवायु परिवर्तन और AI जैसे मुद्दों पर व्यापक चर्चा होने की उम्मीद है।

ट्रंप मंगलवार को ब्रिटेन और जापान के प्रधानमंत्रियों से भी मुलाकात करेंगे। इसके अलावा विश्व नेताओं के लिए आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे और वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज से भी मुलाकात करेंगे।