
ASEAN Summit: थाईलैंड और कंबोडिया (Thailand and Cambodia) के बीच मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में सैन्य संघर्ष को खत्म करने को लेकर शांति समझौता हो गया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मौजूदगी में दोनों देशों के नेताओं (कंबोडिया के प्रधानमंत्री हुन मानेट, थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुरुतिन चार्नविराकुल) ने शांति समझौते पर हस्ताक्षर किए। इस पर ट्रम्प ने कहा कि जिसे लोग असंभव मान रहे थे, उसे उन्होंने संभव कर दिखाया है।
ट्रंप ने कहा कि हम कंबोडिया के साथ एक बड़ा व्यापार समझौता और थाईलैंड के साथ महत्वपूर्ण खनिज समझौता कर रहे हैं। अमेरिका इन दोनों देशों के साथ मजबूत व्यापार और सहयोग करेगा, जब तक वे शांति से रहते हैं। उन्होंने कहा कि हम कुछ और देशों में जाएंगे, जहां केवल व्यापार पर चर्चा होगी, कोई युद्ध नहीं।
इससे पहले ट्रंप आज सुबह कुआलालंपुर एयरपोर्ट पर लैंड हुए। यहां मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने रेड कार्पेट पर उनका स्वागत किया। इस दौरान ट्रम्प ने स्थानीय कलाकारों के साथ डांस भी किया। ट्रंप 2017 के बाद पहली बार इस सम्मेलन में शामिल होंगे। वे आज मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे।
ट्रंप अमेरिका के तीसरे राष्ट्रपति हैं, जिन्होंने मलेशिया का दौरा किया। इससे पहले पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने 2014 में और लिंडन जॉनसन ने 1966 में मलेशिया का दौरा किया था। ट्रंप ने अपने दौरे से पहले कहा था कि मैं मलेशिया जा रहा हूं, जहां मैं उस महान शांति समझौते पर हस्ताक्षर करूंगा, जिसकी मध्यस्थता मैंने कंबोडिया और थाईलैंड के बीच गर्व से की थी। दुख की बात है कि थाईलैंड की राजमाता का हाल ही में निधन हो गया। मैं थाईलैंड के महान लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।
दरअसल, थाईलैंड और कंबोडिया के बीच तनाव जुलाई में सैन्य झड़प में बदल गया, जिसमें 40 से अधिक लोग मारे गए और लगभग 300,000 लोगों को अपना घर छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा। पांच दिनों की लड़ाई के बाद दोनों पक्ष युद्धविराम पर सहमत हुए, जिसकी मध्यस्थता आंशिक रूप से अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने की थी। तब से एक-दूसरे पर युद्धविराम उल्लंघन के आरोप-प्रत्यारोप लगते रहे हैं। शाही परिवार थाईलैंड में पूजनीय है। कई लोग इसे अर्ध-दैवीय व्यक्तित्व मानते हैं और मीडिया में इसकी खूब चर्चा होती है। देशभर में सार्वजनिक स्थानों और निजी घरों में सोने से सजे चित्र लगे होते हैं।