विदेश

सिडनी के पास दो सड़क हादसों से दहला NSW, 4 मौतें, 3 अस्पताल में भर्ती

ऑस्ट्रेलिया के न्यू साउथ वेल्स (NSW) में दो अलग-अलग सड़क हादसों में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में भर्ती हैं। पूरी खबर पढ़ें।
2 min read
• •
Updated: 15 Nov 2026, 11:40 AM IST
road accident Australia
car crash deaths

Australia road accident: ऑस्ट्रेलिया के पूर्वी राज्य न्यू साउथ वेल्स (NSW) में शनिवार की रात काल बन गई जब दो अलग-अलग सड़क हादसों में 4 लोगों की मौत हो गई है। जबकि 3 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल होने के कारण अस्पताल में भर्ती हैं।

अवोका में आमने-सामने की भिड़ंत, दो ने मौके पर तोड़ा दम

NSW पुलिस के अनुसार, पहला हादसा शनिवार शाम करीब 7 बजे (स्थानीय समय) हुआ। यह घटना सिडनी से 100 किमी दक्षिण-पश्चिम में स्थित अवोका (Avoca) नामक छोटे से कस्बे में हुई, जहां दो गाड़ियों की आमने सामने भिड़ंत हो गई।
शिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, एक गाड़ी में सवार दोनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। अभी तक उनकी पहचान नहीं हो पाई है। दूसरी गाड़ी की 64 वर्षीय महिला ड्राइवर और उनके साथ सवार 65 वर्षीय व्यक्ति को मौके पर ही एम्बुलेंस पैरामेडिक्स ने प्राथमिक उपचार दिया और फिर गंभीर हालत में अस्पताल ले गए।

क्वींसलैंड के पास पेड़ से टकराई गाड़ी

इसके कुछ घंटों बाद, रात 10:30 बजे NSW के सुदूर उत्तरी इलाके में आपातकालीन सेवाओं को एक गाड़ी के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली। यह घटना पड़ोसी राज्य क्वींसलैंड की सीमा के पास हुई। वहां पहुंचने पर पता चला कि एक गाड़ी सड़क से उतरकर पेड़ से टकरा गई थी।

गाड़ी में सवार दो लोग, जिनकी उम्र 20 के दशक में बताई जा रही है, उन्हें एम्बुलेंस के पहुंचने से पहले पुलिस ने मदद देने की कोशिश की, लेकिन उनकी मौके पर ही मौत हो गई। तीसरे व्यक्ति, जिसकी उम्र भी 20 के दशक में है, को क्वींसलैंड के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत गंभीर है, लेकिन स्थिर बनी हुई है।

9 नवंबर को बुंडाबर्ग में मेडिकल सेंटर में घुस गई थी कार

इससे पहले 9 नवंबर को, ऑस्ट्रेलिया के क्वींसलैंड राज्य में एक कार के मेडिकल सेंटर में घुस जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी।

क्वींसलैंड पुलिस सर्विस के चीफ इंस्पेक्टर ग्रांट मार्कस ने बताया कि, 9 नवंबर को सुबह करीब 10 बजे (स्थानीय समय), ब्रिस्बेन से लगभग 300 किमी उत्तर में स्थित बुंडाबर्ग (Bundaberg) शहर में एक गाड़ी मेडिकल सेंटर के अंदर जा घुसी, जिससे वहां मौजूद कई लोग इसकी चपेट में आ गए। शिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, 63 वर्षीय एक व्यक्ति, जो उस समय वेटिंग रूम में मौजूद था, गंभीर रूप से घायल हो गया और कुछ देर बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया। उनकी साथी, जो 63 साल की महिला हैं, को जानलेवा चोटों के साथ अस्पताल ले जाया गया।

Updated on:
15 Nov 2026, 11:40 AM IST
Published on: